
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी 11,12 और 13 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मोलू भरदारी एवं नागेंद्र सकलानी शहीदी मेला इस वर्ष एक बार फिर मातृशक्ति के जोश,उत्साह और सहभागिता का अद्भुत संगम बनने जा रहा है। लगातार 30 वर्षों की परंपरा पार कर चुकी मातृशक्ति वॉलीबॉल,कबड्डी एवं रस्साकस्सी प्रतियोगिता को लेकर सोमवार को मंजू राजपूत उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर एवं नगर पंचायत कीर्तिनगर की अधिशासी अधिकारी सालनी नेगी के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में मातृशक्ति शक्ति समाजसेवी शोभा नेगी,हरफनमौला खिलाड़ी कीर्ति पांडे,श्रीनगर नागेश्वर गली टीम की कप्तान रजनी जुगरान तथा राजनीति व खेल जगत की सक्रिय हस्ती हेमा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी ने मेले में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की रूपरेखा,व्यवस्थाओं और प्रतिभागी महिलाओं के सम्मान पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में माध्यमिक वर्ग बालिका एवं महिला क्रिकेट व मातृशक्ति खेल प्रतियोगिता के संस्थापक देवेन्द्र गौड़ ने कहा कि हमारा पहला कर्तव्य है कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली हर बहन,हर खिलाड़ी का सम्मान और आदर सर्वोपरि रखा जाए। इस प्रस्ताव को नगर पंचायत प्रशासन ने सहर्ष स्वीकार किया। देवेन्द्र गौड़ ने पूरे क्षेत्र की मातृशक्ति से अपील की कि नगर,ब्लॉक और ग्रामीण क्षेत्रों की अधिक से अधिक टीमें प्रतियोगिता में भाग लें। उन्होंने कहा कि यह मंच केवल खेल का नहीं,बल्कि आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और महिला सशक्तिकरण का जीवंत प्रतीक है। खेलेगी मां,तो सीखेंगे बच्चे इस संदेश के साथ उन्होंने कहा कि मातृशक्ति जब खेल के मैदान में उतरती है,तो परिवार और समाज दोनों के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त होता है। पंजीकरण हेतु संपर्क करें-9758342438-9389155652,मातृशक्ति खेल महोत्सव की तैयारियों ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया है और आने वाला मेला महिला शक्ति के शानदार प्रदर्शन का साक्षी बनेगा।