
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
नई दिल्ली/देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। दिल्ली प्रवास के दौरान उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात औपचारिकता भर न होकर संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रही,जिसमें पार्टी एवं राज्य हित से जुड़े कई समसामयिक और रणनीतिक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। भेंट के दौरान डॉ.धन सिंह रावत ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष को उत्तराखंड से संबंधित प्रमुख मुद्दों,विकास योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। दोनों नेताओं के बीच राज्य में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने,सरकार एवं संगठन के बीच बेहतर समन्वय तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने को लेकर सार्थक चर्चा हुई। इसके साथ ही बैठक में पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियों पर भी विशेष रूप से मंथन किया गया। चुनावी रणनीति,जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने,कार्यकर्ताओं की भूमिका,चुनावी प्रबंधन एवं प्रचार तंत्र को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ.रावत ने अपने अनुभव साझा करते हुए चुनावी प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी की भावी रणनीतियों पर प्रकाश डालते हुए संगठनात्मक मजबूती,अनुशासन और समर्पण को चुनावी सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता और स्पष्ट रणनीति के बल पर पार्टी आगामी चुनावों में मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। यह मुलाकात संगठनात्मक एकजुटता,रणनीतिक स्पष्टता और राजनीतिक समन्वय का सशक्त उदाहरण मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में इसे आने वाले समय में पार्टी की चुनावी दिशा और रणनीति को धार देने वाली महत्वपूर्ण बैठक के रूप में देखा जा रहा है।