
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। नगर क्षेत्र में निराश्रित एवं बेसहारा गौवंश के संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम उठाते हुए नगर निगम श्रीनगर द्वारा निर्मित 4.5 करोड़ रुपए की अत्याधुनिक गौशाला का शनिवार को गंगादर्शन मोड़ के समीप भव्य लोकार्पण किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन उत्तराखंड सरकार के शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत तथा महापौर आरती भंडारी ने संयुक्त रूप से किया। लोकार्पण समारोह में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी,जनप्रतिनिधि,भाजपा संगठन के पदाधिकारी,व्यापार मंडल के प्रतिनिधि,पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। नगर निगम श्रीनगर द्वारा इस गौशाला का निर्माण दो चरणों में किया गया है। प्रथम चरण में 321.45 लाख रुपए तथा द्वितीय चरण में 134.48 लाख रुपए की स्वीकृत लागत से कुल लगभग 4.5 करोड़ रुपए की लागत में यह परियोजना पूर्ण की गई है। यह गौशाला नगर की अब तक की सबसे बड़ी और सुव्यवस्थित गौसंरक्षण योजनाओं में शामिल है। इस गौशाला का उद्देश्य शहर में बढ़ती निराश्रित एवं आवारा गायों को सुरक्षित आश्रय,नियमित उपचार,समुचित पोषण और देखभाल उपलब्ध कराना है। साथ ही यह पहल आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं,यातायात बाधाओं और स्वच्छता संबंधी समस्याओं के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वर्तमान में यहां 244 निराश्रित गौवंश संरक्षित हैं,जबकि नवनिर्मित गौशाला में अब 500 गौवंशों के सुरक्षित संरक्षण की क्षमता उपलब्ध हो गई है। गौशालाएं समाज में करुणा और सेवा की भावना को सशक्त करती हैं-समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि गौशालाएं केवल पशु संरक्षण का माध्यम नहीं हैं,बल्कि ये समाज में करुणा,सेवा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देती हैं और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का आधार बनती हैं। महापौर आरती भंडारी ने कहा गंगा दर्शन पार्क के समीप नगर निगम श्रीनगर द्वारा निर्मित यह गौशाला शहर के लिए एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल है। लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस गौशाला से निराश्रित गौवंशों को सुरक्षित आश्रय,समुचित देखभाल और उपचार की सुविधा मिलेगी। नगर निगम का संकल्प है कि गौसंरक्षण के साथ-साथ श्रीनगर को स्वच्छ,सुरक्षित और संवेदनशील शहर के रूप में विकसित किया जाए। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रमिला भण्डारी एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल की विशेष उपस्थिति रही। दोनों पदाधिकारियों ने नगर निगम श्रीनगर की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि गौसंरक्षण भारतीय संस्कृति की आत्मा है और ऐसी योजनाएं समाज में मानवीय मूल्यों,संवेदनशीलता और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करती हैं। अधिकारियों ने साझा की परियोजना की जानकारी कार्यक्रम में नगर आयुक्त नूपुर वर्मा,सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,अधिशासी अभियंता पवन कुमार कोठियाल,व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी,पार्षदगण एवं शहर की मातृशक्ति विशेष रूप से उपस्थित रही। अधिकारियों द्वारा गौशाला की रूपरेखा,संचालन व्यवस्था एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। शहरवासियों ने की सराहना स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने इस गौशाला को श्रीनगर शहर के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए नगर निगम एवं राज्य सरकार की इस संवेदनशील और जनहितकारी पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।