प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण और विकास कार्यों की जानकारी साझा की

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात को श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में उत्साहपूर्वक सुना गया। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने श्रीनगर मंडल अंतर्गत बूथ संख्या-102 मिस्त्री मोहल्ला में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम के उपरांत कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मन की बात देशवासियों को सकारात्मक सोच,राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा से जोड़ने वाला सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा देशभर में अभूतपूर्व विकास कार्य किए जा रहे हैं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जा रहा है। डॉ.रावत ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि हर गरीब,हर जरूरतमंद और हर पात्र नागरिक तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री आवास योजना,जल जीवन मिशन,उज्ज्वला योजना,विद्युत कनेक्शन,रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं सहित अन्य सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा,स्वास्थ्य,सड़क,पेयजल,बिजली और रोजगार जैसे मूलभूत क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है,जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। मन की बात को जन-जन तक पहुंचाने की अपील,इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने भी उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम देश के नागरिकों को प्रेरणा देने वाला है। उन्होंने सभी से कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुनने तथा सरल ऐप के माध्यम से अपनी सहभागिता दर्ज करने की अपील की। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रमिला भण्डारी,मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,वासुदेव कंडारी,राजेंद्र बिष्ट,दिनेश पटवाल,शुभम प्रभाकर,सीमा भण्डारी सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी,कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा सभी ने मन की बात के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।