हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। शहर में रसोई गैस और कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं। गैस संकट को गंभीरता से लेते हुए मेयर आरती भण्डारी की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई,जिसमें गैस एजेंसियों के संचालकों और पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत मंथन किया गया। बैठक के दौरान मेयर ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया कि गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से कालाबाजारी पर सख्त रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मेयर ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को आपसी समन्वय के साथ शहर के हर वार्ड में नियमित और सुचारू गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डोर-टू-डोर गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया,ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में एजेंसी संचालकों ने बताया कि गैस सिलेंडर उन्हीं उपभोक्ताओं को दिए जाएंगे,जिन्होंने पूर्व में बुकिंग कर रखी है। पारदर्शिता और बेहतर समन्वय के लिए नगर निगम द्वारा पार्षदों के मोबाइल नंबर एजेंसियों को उपलब्ध कराए गए हैं,जिससे वार्ड स्तर पर उत्पन्न समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। व्यवसायिक गतिविधियों पर गैस संकट का असर न पड़े,इसके लिए बैठक में वैकल्पिक ईंधन व्यवस्था पर भी गंभीर चर्चा हुई। व्यापारियों को डीजल भट्टी जैसे विकल्प अपनाने और पूर्ति निरीक्षक के माध्यम से डीजल की होम डिलीवरी सुविधा का लाभ लेने की सलाह दी गई,जिससे बाजार की गतिविधियां प्रभावित न हों। बैठक में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार,पूर्ति निरीक्षक विजय कैंतुरा,विभिन्न गैस एजेंसियों के संचालक तथा नगर निगम के पार्षदगण मौजूद रहे। पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और त्वरित समाधान की मांग की। मेयर आरती भण्डारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। नगर निगम द्वारा गैस आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और वितरण प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश-पारदर्शिता और समयबद्ध आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित,नगर निगम की इस सख्त पहल से यह स्पष्ट संकेत गया है कि आम जनता को राहत देने और गैस आपूर्ति व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। आने वाले दिनों में इस सख्ती का असर जमीन पर दिखने की उम्मीद है,जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिले।