
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकास खण्ड खिर्सू के दूरस्थ गांवों के लिए बहुप्रतीक्षित खुशखबरी सामने आई है। श्रीनगर-खिर्सू मोटर मार्ग से कोलठा गांव तक बनने वाले मोटर मार्ग के द्वितीय चरण को आखिरकार प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। लंबे समय से सड़क सुविधा की आस लगाए बैठे क्षेत्रवासियों के लिए यह निर्णय किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस मोटर मार्ग के दूसरे चरण का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। लगभग 2 किलोमीटर लंबाई वाले इस मार्ग के निर्माण हेतु करीब 79.51 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के पूर्ण होने से कोलठा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा,जिससे शिक्षा,स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान हो सकेगी। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क को विकास की रीढ़ माना जाता है और यह परियोजना उसी दिशा में एक मजबूत पहल के रूप में देखी जा रही है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को जारी शासनादेश में निर्माण कार्य को लेकर सख्त दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं-कार्य प्रारंभ से पूर्व सभी तकनीकी व प्रशासनिक औपचारिकताओं को पूर्ण करना,भूमि हस्तांतरण एवं वन विभाग से संबंधित प्रक्रियाओं का अनुपालन,निर्माण गुणवत्ता की नियमित निगरानी,प्रगति की फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग तथा स्वीकृत बजट के भीतर ही कार्य पूर्ण करना अनिवार्य किया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य की पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिशासी अभियंता की होगी। कार्य में देरी या गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। खिर्सू क्षेत्र का कोलठा गांव लंबे समय से सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रहा है,जिसके कारण यह क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे छूट गया था। अब इस मोटर मार्ग के निर्माण से न केवल गांव मुख्य मार्ग से जुड़ेगा,बल्कि पर्यटन,कृषि और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क बनने से पलायन पर भी अंकुश लगेगा और युवाओं को अपने ही गांव में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। इस परियोजना को क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि सड़क निर्माण से संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और समग्र विकास को नई गति मिलेगी। कोलठा के पूर्व प्रधान चतर सिंह रावत ने इस स्वीकृति के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत एवं उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने खिर्सू ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी के निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए उनका भी धन्यवाद किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में दलजीत सिंह रावत,प्रमोद रावत,प्रीतम सिंह रावत,पपेंद्र सिंह रावत,अवतार सिंह रावत,सुल्तान सिंह,भूपेंद्र सिंह,महावीर सिंह,सोहन सिंह,सिताब सिंह,पूर्व प्रधान कुसुम देवी,कृष्णा देवी,सुषमा देवी,धनेश्वरी देवी,गुड्डी देवी,शकुंतला देवी,सरोजनी देवी,माधुरी देवी,कमला देवी,इंदू देवी,रजनी देवी,किरण देवी,गंगोत्री देवी सहित महिला मंगल दल एवं नवयुवक मंगल दल कोलठा ने भी इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर खुशी जाहिर करते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यह योजना कितनी तेजी और गुणवत्ता के साथ धरातल पर उतरती है। यदि यह कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हुआ,तो यह सड़क खिर्सू क्षेत्र के विकास की नई इबारत लिखेगी।