
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मंडल प्रशिक्षण वर्ग के अंतर्गत थलीसैंण मंडल में आयोजित पंचम सत्र उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। इन दिनों पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में व्यस्त होने के चलते डॉ.रावत भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हो सके,लेकिन उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों,जन-कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी लक्ष्य के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं,ताकि आमजन को उनका वास्तविक लाभ मिल सके। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संगठनात्मक मजबूती पर भी विशेष बल दिया गया। कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा,कार्यशैली और आगामी कार्यक्रमों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त,सक्रिय और जनहितकारी बनाने का संकल्प लिया। डॉ.रावत ने कार्यकर्ताओं के उत्साह,समर्पण और सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें संगठन की रीढ़ बताया और उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी,मंडल महामंत्री राकेश ममगांई एवं मनोज रमोला,जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी,बूथ अध्यक्ष,बीएलए और बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया और प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का संचार देखने को मिला। थलीसैंण की इस धरती से एक बार फिर यह संदेश गया कि मजबूत संगठन ही सशक्त राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।