
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
चमोली/देवाल/श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखण्ड के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आज भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है,लेकिन ऐसे ही कठिन हालातों के बीच जब कोई पहल उम्मीद की किरण बनकर सामने आती है,तो वह न केवल राहत देती है बल्कि समाज में सेवा और संवेदना की मिसाल भी कायम करती है। इसी कड़ी में रोटरी क्लब श्रीनगर द्वारा चमोली जनपद के सीमांत विकास खण्ड देवाल के संगम मैदान में आयोजित निःशुल्क मल्टी स्पेशलिटी मेगा हेल्थ चेकअप कैंप एक ऐतिहासिक पहल बनकर उभरा,जहां दूर-दराज गांवों से पहुंचे कुल 1170 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण,परामर्श और उपचार किया गया। सुबह से ही शिविर स्थल पर लोगों की लंबी कतारें इस बात का प्रमाण थीं कि इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कितनी आवश्यकता है। बुजुर्ग,महिलाएं,बच्चे-हर वर्ग के लोग अपने स्वास्थ्य की जांच कराने और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए उत्साहित नजर आए। इस विशाल शिविर में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर,राजकीय उप जिला संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर तथा मैक्स हॉस्पिटल के अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न बीमारियों से संबंधित जांच और परामर्श सेवाएं प्रदान की। नेत्र,दंत,हड्डी,हृदय,त्वचा,स्त्री रोग,बाल रोग,न्यूरोलॉजी,श्वास और किडनी जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों के विशेषज्ञों ने मरीजों को समुचित मार्गदर्शन दिया। विशेष रूप से डॉ.सेमवाल पैथोलॉजी के डॉ.अनिल सेमवाल द्वारा शिविर में शुगर की जांच की गई,जिससे बड़ी संख्या में लोगों को अपने स्वास्थ्य की सही जानकारी मिल सकी। इस स्वास्थ्य महाअभियान को सफल बनाने में विभिन्न संस्थानों और सहयोगियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। दवाइयों और चिकित्सकीय सामग्री की व्यवस्था में वैष्णवी इंटरप्राइज के ललित भट्ट,मैठाणी मेडिकल कीर्तिनगर के चंद्रमोहन मैठाणी,सिद्धबली मेडिकोज के मयंक खंडूरी,गढ़वाल ड्रग हाउस के राघव गर्ग,हिमालयन इंटरप्राइज के मनोज त्रिवेदी,सर मेडिकोज के एस.पी.नौटियाल,ओकुलस विज़न केयर देहरादून,नॉवेलिटी बायोटेक,मानवेन्द्र सिंह राणा सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर,एफडीए देहरादून और अनिल कुमार घिल्डियाल सहित कई सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा। शिविर के सफल संचालन में पूर्व ब्लॉक प्रमुख देवाल डॉ.दर्शन दानू,छात्र नेता वीरेंद्र बिष्ट,स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन का भी विशेष सहयोग देखने को मिला। रोटरी क्लब श्रीनगर के अध्यक्ष रोटेरियन हिमांशु अग्रवाल,सचिव रोटेरियन संजय रावत,कोषाध्यक्ष रोटेरियन मनीष कोठियाल तथा कार्यक्रम संयोजक रोटेरियन डॉ.के.के. गुप्ता,पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन खिलेन्द्र चौधरी और रोटेरियन सीताराम बहुगुणा के नेतृत्व में पूरी टीम ने इस शिविर को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह शिविर केवल एक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम नहीं,बल्कि सीमांत क्षेत्रों के लोगों के लिए जीवन में नई आशा,विश्वास और सुरक्षा का संदेश लेकर आया। जहां एक ओर लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिला, वहीं दूसरी ओर यह पहल इस बात का संकेत भी है कि यदि इच्छाशक्ति हो,तो दुर्गम क्षेत्रों तक भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। देवाल की वादियों में लगा यह स्वास्थ्य शिविर एक संदेश दे गया-सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है,और जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है,तो हर कठिनाई को पार किया जा सकता है।