
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी पुलिस ने अपनी सक्रियता,तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्यवाही का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक खोया हुआ महंगा मोबाइल फोन बरामद कर उसकी स्वामिनी को सकुशल सौंप दिया। इस सराहनीय कार्य से जहां पुलिस की कार्यकुशलता पर विश्वास मजबूत हुआ है,वहीं आमजन में सुरक्षा का भाव भी सुदृढ़ हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 4 फरवरी 2026 को श्रीनगर के न्यू डांग क्षेत्र निवासी डॉ.कविता रावत द्वारा महिला थाना श्रीनगर में अपने लगभग 96,999 रुपये मूल्य के मोबाइल फोन के खोने की सूचना दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना द्वारा यह प्रकरण तत्काल उच्च स्तर पर प्रेषित किया गया। इसके पश्चात जनपद की विशेष जांच इकाई (सीआईयू) टीम ने दूरसंचार उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल के माध्यम से मोबाइल की लोकेशन का लगातार पता लगाया। तकनीकी संसाधनों और सतत प्रयासों के चलते टीम को सफलता मिली और मोबाइल फोन को उत्तर प्रदेश के एक शहर से खोज निकाला गया। लगातार निगरानी और सटीक रणनीति के तहत दिनांक 5 अप्रैल 2026 को उक्त मोबाइल फोन को सकुशल बरामद कर उसकी स्वामिनी को विधिवत सुपुर्द कर दिया गया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर डॉ.कविता रावत ने पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया और उनके प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन खो जाता है या चोरी हो जाता है,तो तुरंत दूरसंचार उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं,जिससे समय रहते तकनीकी सहायता के माध्यम से मोबाइल की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके। यह सफलता न केवल पुलिस की सजगता का प्रमाण है,बल्कि यह संदेश भी देती है कि आधुनिक तकनीक और समर्पित प्रयासों के बल पर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।