किसानों की समस्याओं का शीघ्र करें निस्तारण–जिला विकास अधिकारी

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी के विकासखंड पाबों में आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब किसान और प्रशासन आमने-सामने बैठते हैं,तो समाधान

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी के विकासखंड पाबों में आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब किसान और प्रशासन आमने-सामने बैठते हैं,तो समाधान की राहें स्वतः खुलने लगती हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं,सुझावों और संभावनाओं पर गंभीरता से मंथन किया गया। पाबों सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में करीब 100 से अधिक किसानों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं,आधुनिक कृषि तकनीकों और स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने की। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे,जिसके लिए विभागीय समन्वय और जमीनी सक्रियता अनिवार्य है। उन्होंने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज का समय आधुनिक और वैज्ञानिक खेती का है,जिसमें नई तकनीकों और योजनाओं को अपनाकर किसान अपनी आय को कई गुना बढ़ा सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से कृषि,उद्यान,पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में मौजूद अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए किसानों से इन क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए। कई किसानों ने सिंचाई,बाजार व्यवस्था,बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रशासन द्वारा इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विशेष बात यह रही कि कार्यक्रम स्थल पर ही कई किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया,जिससे उनकी सहभागिता और उत्साह और अधिक बढ़ा। विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर किसानों ने योजनाओं की जानकारी लेकर अपने भविष्य की रणनीति भी तैयार की। इस अवसर पर प्रभारी मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती,खंड विकास अधिकारी हरेंद्र कोली,पूर्ति निरीक्षक हमेंद्र कुमार,क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज रावत,कृषक विपिन पंत,वीरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। यह किसान दिवस न केवल समस्याओं के समाधान का मंच बना,बल्कि किसानों और प्रशासन के बीच विश्वास,संवाद और विकास की नई दिशा तय करने का भी सशक्त माध्यम साबित हुआ।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...