
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जन समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके समाधान के लिए मौके पर ही प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 12 शिकायतें दर्ज की गईं,जिनमें से अधिकांश का तत्काल निस्तारण कर दिया गया,जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं संतोषजनक समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने जनता मिलन कार्यक्रम के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए,ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने चेताया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान खिर्सू क्षेत्र के महादेव प्रसाद बहुगुणा एवं रुकम सिंह रावत द्वारा मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर प्लांट से उत्पन्न विद्युत के भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा उठाया गया। इस पर सीडीओ ने तत्परता दिखाते हुए विद्युत विभाग से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। वहीं श्रीनगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-40 से पार्षद संदीप सिंह रावत द्वारा गैस आपूर्ति में कमी की शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित एवं पर्याप्त गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। एकेश्वर क्षेत्र के मटियालना निवासी विरेन्द्र बिडालिया ने वर्षा के दौरान आवासीय भवन को हुए नुकसान की शिकायत दर्ज कराई। इस पर उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने तथा क्षति का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। चरधार क्षेत्र के ग्राम केसुन्दर निवासी राहुल देव द्वारा सड़क निर्माण का मलबा घर के समीप डाले जाने की शिकायत पर अपर मुख्य अधिकारी को तीन दिवस के भीतर मलबा हटाने के सख्त निर्देश दिए गए। ग्राम प्रधान रछुली की नीलम देवी ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या उठाई,जिस पर मुख्य कृषि अधिकारी को संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए,ताकि किसानों को राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त अन्य प्राप्त शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर,अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी,जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा,अधिशासी अभियंता एनएच श्रीनगर राजबीर चौहान,जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया,जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जनता मिलन कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि आमजन की समस्याओं के समाधान में अब किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध,पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।