बैसाखी पर्व स्नान व आगामी चारधाम यात्रा की तैयारी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पावन बैसाखी पर्व के अवसर पर 14 अप्रैल को देवप्रयाग संगम में संभावित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पावन बैसाखी पर्व के अवसर पर 14 अप्रैल को देवप्रयाग संगम में संभावित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा,सुव्यवस्थित स्नान एवं यातायात प्रबंधन को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर द्वारा थाना देवप्रयाग क्षेत्र अंतर्गत संगम घाट एवं रामकुंड का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों की सुरक्षा,भीड़ नियंत्रण,यातायात संचालन,बैरिकेडिंग व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैनाती को लेकर स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए लाउडस्पीकर के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह मुस्तैद रखा जाए। अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा,ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में स्नान कर सकें। इसके साथ ही आगामी दिनों में प्रारंभ होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर भी पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में श्रीनगर क्षेत्रांतर्गत कीर्तिनगर पुल से सिरोबगड़ तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु नियमित चेकिंग एवं पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। दुर्घटना संभावित एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि मार्गों पर लगे साइन बोर्ड, दिशा-सूचक संकेत एवं बैरिकेडिंग की स्थिति को नियमित रूप से जांचा जाए और उन्हें सुचारु अवस्था में बनाए रखा जाए। वैकल्पिक मार्गों का भी निरीक्षण कर उन्हें हर समय उपयोग के लिए तैयार रखा जाए,ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल यातायात डायवर्जन किया जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क/सहायता केंद्र स्थापित कर उन्हें सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त स्थानीय प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु त्वरित प्रतिक्रिया दल (Quick Response Team) को अलर्ट मोड पर रखा जाए,ताकि किसी भी परिस्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैसाखी पर्व और चारधाम यात्रा को लेकर पौड़ी पुलिस द्वारा की जा रही व्यापक तैयारियां यह संकेत देती हैं कि इस बार श्रद्धालुओं को सुरक्षित,सुव्यवस्थित और सहज यात्रा का अनुभव प्रदान करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...