कांवड़ यात्रा में अनुशासन पर श्रीनगर पुलिस सख्त-रेट्रो साइलेंसर व बिना हेलमेट के 23 चालकों पर कार्रवाई

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए श्रीनगर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। यात्रा मार्ग पर पुलिस

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए श्रीनगर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। यात्रा मार्ग पर पुलिस द्वारा प्रतिदिन विशेष जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वाहनों में लगाए गए अवैध रूप से परिवर्तित रेट्रो साइलेंसर तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले कुल 23 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत 17 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई,जबकि पुलिस अधिनियम के अंतर्गत 6 चालकों के विरुद्ध चालान किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई करना ही नहीं,बल्कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करना भी है। कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए पुलिस द्वारा यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वाहनों की जांच के दौरान हेलमेट,वाहन के आवश्यक दस्तावेजों तथा वाहनों में किए गए अनधिकृत परिवर्तन की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहनों में निर्धारित मानकों के विपरीत किए गए परिवर्तन न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं,बल्कि तेज आवाज और अनावश्यक ध्वनि के कारण सड़क पर चल रहे अन्य यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए भी परेशानी का कारण बन सकते हैं। पुलिस टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने,निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन में किसी भी प्रकार का अनधिकृत परिवर्तन न करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का पर्व है,लेकिन यात्रा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए आस्था के साथ अनुशासन भी उतना ही आवश्यक है। प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखे। श्रीनगर पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर जांच एवं चालानी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य यात्रियों,कांवड़ियों और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...