सेवा संकल्प अभियान से गूंजेगा पौड़ी-17 सितंबर को घर-घर जलेंगे दीपक,एक माह तक चलेगी सेवा की महाअभियान श्रृंखला

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाने की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। इसी क्रम में

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाने की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय पौड़ी में सेवा संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिलेभर से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अभियान को व्यापक जनसरोकार से जोड़ने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया। जिला कार्यशाला में आगामी एक माह तक आयोजित होने वाले विभिन्न सेवा,जन-जागरूकता,सामाजिक सरोकार एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। साथ ही मंडल स्तर तक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं,बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लाभार्थियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर प्रत्येक कार्यकर्ता लाभार्थी के घर पहुंचकर दीपक जलाएगा। इस पहल के माध्यम से लाभार्थी परिवारों के साथ आत्मीय संपर्क स्थापित करने के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आए सकारात्मक बदलाव को भी समाज के सामने लाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम की फोटो एवं जानकारी सरल ऐप पर अपलोड करने के निर्देश दिए। जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने बताया कि अभियान के तहत समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने के लिए कई अभिनव कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं। 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम के संयोजक कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत को बनाया गया है। इसके माध्यम से बच्चों में राष्ट्र निर्माण,नवाचार और विकसित भारत की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। इसी प्रकार नमो सेवा गाथा कार्यक्रम में 25 वर्ष तक की आयु के युवाओं को जोड़ा जाएगा। युवाओं के बीच नुक्कड़ नाटक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सेवा,राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश पहुंचाया जाएगा। आंगन का उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिनों तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं कहानी बदलाव की कार्यक्रम के जरिए उन परिवारों की सफलता की कहानियां समाज के सामने लाई जाएंगी,जिनके जीवन में केंद्र अथवा राज्य सरकार की योजनाओं से सकारात्मक परिवर्तन आया है। कार्यकर्ताओं से ऐसे लाभार्थियों के छोटे वीडियो तैयार कर सरल ऐप के माध्यम से जिला एवं प्रदेश संगठन तक भेजने को कहा गया,ताकि सरकारी योजनाओं के वास्तविक प्रभाव को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। कार्यशाला में विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 10 प्रमुख विकास कार्यों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही राज्य की दोहरी भूमिका कार्यक्रम के अंतर्गत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई है। ग्राम एवं जिला स्तर पर सेवा ज्योति यात्रा आयोजित कर सेवा कार्यों को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने का निर्णय लिया गया। जिला संयोजक गणेश भट्ट ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रत्येक कार्यकर्ता लाभार्थी के घर जाकर दीपक जलाएगा। कार्यक्रम की फोटो एवं जानकारी सरल ऐप पर अपलोड की जाएगी,जिससे अभियान की गतिविधियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण भी हो सके। उन्होंने बताया कि सेवा मेरा योगदान अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके अंतर्गत करीब 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां प्रस्तावित हैं। प्रत्येक मंडल में कम से कम एक सेवा गतिविधि अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएगी। पौड़ी में 17 सितंबर को रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी तरह श्रीनगर में भी रक्तदान कार्यक्रम आयोजित कर सामाजिक सेवा का संदेश दिया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर रंगोली प्रतियोगिताएं सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। कार्यशाला में सेवा सेतु अभियान को भी विशेष महत्व दिया गया। इसके माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के तहत विद्यार्थियों के साथ ही व्यवसायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को जोड़कर नवाचार एवं नई सोच को प्रोत्साहित किया जाएगा। जिला कार्यशाला के बाद अब 6 से 10 सितंबर तक जिले के विभिन्न मंडलों में मंडल स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एकेश्वर मंडल में 6 सितंबर,पोखड़ा में 7 सितंबर,कोट,श्रीनगर,थलीसैंण और बीरोंखाल में 8 सितंबर,पौड़ी,पौड़ी ग्रामीण,खिर्सू,अगरोडा एवं सतपुली में 9 सितंबर तथा कल्जीखाल,पाबों और पैठाणी में 10 सितंबर को मंडल स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित होंगी। जिला संयोजक गणेश भट्ट ने सभी मंडलों से पहुंची टोलियों से कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम निर्धारित समय पर व्यवस्थित,अनुशासित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न किया जाए। साथ ही कार्यक्रमों की जानकारी और गतिविधियों का विवरण समय पर संगठन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान को केवल निर्धारित कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए इसे जनसेवा और जनसंपर्क का प्रभावी माध्यम बनाया जाए,ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंच सके। कार्यशाला में नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भण्डारी,जिला टोली की सह संयोजक प्रमिला भंडारी,नरेंद्र रावत,गणेश राठी,जिला महामंत्री महिपाल सिंह नेगी,नरेंद्र टम्टा,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शशि जुयाल,सोशल मीडिया प्रभारी सीमा भंडारी,ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जगमोहन नेगी,क्रांति किशोर नेगी,डॉ.रजनी रावत,नगमा तौफिक,मीना गैरोला,शैलेंद्र नौटियाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...