
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में श्रीनगर की बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इसी कड़ी में एक और गौरवशाली उपलब्धि जोड़ते हुए श्रीनगर की होनहार बेटी आकृति कंडारी ने उत्तराखंड राज्य आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 19 अप्रैल को बाजपुर में आयोजित उत्तराखंड राज्य आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप में आकृति कंडारी ने जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्णिम सफलता हासिल की। इतना ही नहीं उन्होंने खुले वरिष्ठ वर्ग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैम्पियन ऑफ चैम्पियंस का खिताब अपने नाम किया,जो उनकी असाधारण प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है। आकृति कंडारी वर्तमान में रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास की छात्रा हैं और हाल ही में उन्होंने कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं दी हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में इस स्तर की उपलब्धि हासिल करना उनकी लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके विद्यालय,बल्कि पूरे श्रीनगर क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने आकृति की सफलता को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया है। आकृति कंडारी की यह उपलब्धि यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो,तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। श्रीनगर की यह बेटी आज युवाओं के लिए एक मिसाल बनकर उभरी है,जो आने वाले समय में और भी ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है।