
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर उत्तराखंड में आंदोलन एक बार फिर तेज होता नजर आ रहा है। इसी क्रम में दिनांक 24 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा इकाई नरेंद्र नगर की कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया,जिसमें संगठन विस्तार के साथ-साथ आगामी आंदोलन की ठोस रणनीति तैयार की गई। बैठक में कर्मचारियों ने एक स्वर में पुरानी पेंशन बहाली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए 1 मई 2026 को जनपद पौड़ी मुख्यालय में प्रस्तावित कमिश्नरी घेराव में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यकारिणी का विस्तार,नई जिम्मेदारियां सौंपी गई बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। ब्लॉक मंत्री मस्तराम,वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्णकांत,ब्लॉक प्रभारी अवधेश पवार,कोषाध्यक्ष प्रीतम जेठूड़ी,संयुक्त सचिव सोबन सिंह,मीडिया प्रभारी आरती छेत्री,पुरुष मीडिया प्रभारी नरेंद्र कबसूड़ी,महिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष आकांक्षा नौटियाल,आय-व्यय निरीक्षक विकास उनियाल आदि। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और आंदोलन को धार देने का भरोसा दिलाया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 1 मई 2026 को पौड़ी में आयोजित होने वाले कमिश्नरी घेराव को सफल बनाने की रणनीति तैयार करना रहा। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीन सिंह पंवार ने की। उन्होंने सभी साथियों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में पौड़ी पहुंचकर आंदोलन को ऐतिहासिक बनाया जाए। मंडलीय महामंत्री राजीव उनियाल ने अपने संबोधन में कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए हमें 2027 के चुनाव से पहले हर जनपद और ब्लॉक स्तर पर लगातार कार्यक्रम आयोजित करने होंगे,तभी यह लड़ाई निर्णायक मोड़ तक पहुंचेगी। वहीं ब्लॉक संरक्षक राजेश उनियाल ने सभी विभागों के कर्मचारियों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि जब पुरानी पेंशन से आच्छादित कर्मचारी आंदोलन में भाग ले रहे हैं,तो नई पेंशन वाले कर्मचारियों को भी आगे आना होगा। यह सभी की साझा लड़ाई है। बैठक में उपस्थित वक्ताओं में डॉ.सुनीता त्यागी सीएमएस,डॉ.सुचिता जैन,डॉ.वरुण रावत,आरती छेत्री सहित अन्य साथियों ने अपने विचार रखते हुए पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। ब्लॉक मंत्री मस्तराम ने सभी कर्मचारियों से अपने-अपने विभागों में इस मुद्दे को लेकर जागरूकता बढ़ाने और 1 मई के आंदोलन में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक में निर्मला चौहान,सोबन लाल,हिमांशु पासवान,अमरदीप,संजय पवार,कृष्णकांत,सनी सैनी,उषा देवी,राखी,नरेंद्र सिंह,सुरेश चंद्र,प्रीतम सिंह,आकांक्षा नौटियाल,हरदेव,हरीश कोठारी,इंदिरा,कुसुम भारती सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे। नरेंद्र नगर में आयोजित यह बैठक केवल संगठनात्मक प्रक्रिया नहीं,बल्कि एक बड़े आंदोलन की तैयारी का संकेत है। जिस तरह से कर्मचारियों ने एकजुट होकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आवाज बुलंद की है,उससे साफ है कि आने वाले समय में यह आंदोलन और अधिक व्यापक व प्रभावशाली रूप ले सकता है।