
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इसी क्रम में डॉ.धन सिंह रावत उच्च शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री ने जनपद पौड़ी के विकास खण्ड थलीसैंण क्षेत्र का व्यापक दौरा कर स्वास्थ्य,शिक्षा एवं सहकारिता से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण,लोकार्पण और शिलान्यास किया। मंत्री के इस दौरे ने दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई उम्मीद जगाई है,जहां लंबे समय से बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मंत्री ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय चौखाल के नव-निर्मित भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए,ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं समय पर मिल सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों तक सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं,ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज न भटकना पड़े। इसके अलावा भगवतीतलिया उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए। शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिकता की पहल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मंत्री ने चोपताखाल के राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय में चहारदीवारी एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हाईब्रिड कक्ष का उद्घाटन कर डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से युक्त कक्ष विद्यार्थियों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होंगे और शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। साथ ही विभिन्न विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण-भवन मरम्मत,सौंदर्यीकरण कार्य,चहारदीवारी निर्माण जैसे विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया,जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। दौरे के दौरान मंत्री ने चौखाल में सहकारी समिति गुरफली की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक में भी भाग लिया। बैठक में समिति की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और आय-व्यय का विवरण साझा किया गया। मंत्री ने किसानों एवं समिति सदस्यों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में कई महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया,जिनमें चौखाल में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष व पुस्ता निर्माण,गुरफली में सौंदर्यीकरण,डुमलोट में भवन मरम्मत,खैतोली में चहारदीवारी निर्माण,डुमलोट विद्यालय में कक्षा-कक्ष व प्रयोगशाला मरम्मत कंप्यूटर लैब का शिलान्यास शामिल रहे। मंत्री ने कहा कि इन कार्यों से न केवल शिक्षा का स्तर सुधरेगा,बल्कि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। दौरे के दौरान मंत्री ने क्षेत्रवासियों और विद्यालय परिवार के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव लिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव प्रयास कर रही है ताकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी विकास की रफ्तार तेज हो सके। कैबिनेट मंत्री का यह दौरा केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर विकास की प्रतिबद्धता का प्रमाण रहा। स्वास्थ्य,शिक्षा और सहकारिता-तीनों क्षेत्रों में एक साथ किए गए प्रयास यह दर्शाते हैं कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर गंभीर है। इस पहल से थलीसैंण क्षेत्र ही नहीं,बल्कि पूरे जनपद पौड़ी में विकास की नई ऊर्जा का संचार हुआ है।