हरेला पर हरियाली का महाअभियान-16 जुलाई से जनभागीदारी के साथ पौड़ी में होगा रिकाॅर्ड पौधरोपण

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। हरियाली केवल प्रकृति की पहचान नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और धरती को

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। हरियाली केवल प्रकृति की पहचान नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और धरती को अधिक हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से जनपद पौड़ी गढ़वाल में इस वर्ष हरेला पर्व को व्यापक जनसहभागिता के साथ मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन ने हरेला महाअभियान को केवल औपचारिक वृक्षारोपण तक सीमित न रखते हुए इसे जन-जागरूकता,पर्यावरण संरक्षण और पौधों के संरक्षण का सशक्त अभियान बनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर हरेला महाअभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूरी करें और अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं। जिलाधिकारी ने विकास विभाग को निर्देश दिए कि सभी विकासखंड अपने-अपने क्षेत्र के पौधरोपण लक्ष्य की जानकारी निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराएं,ताकि पूरे जनपद की समेकित कार्ययोजना समय पर तैयार की जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस बार अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं,बल्कि उनके संरक्षण और जीवित रहने की शत-प्रतिशत व्यवस्था सुनिश्चित करना भी होगा। बैठक में पौधरोपण स्थलों के चयन,उनकी जियो टैगिंग,स्थलवार वृक्षारोपण सूची तैयार करने,आवश्यक पौधों एवं ट्री-गार्ड की मांग का आकलन करने तथा जनपद हरित पंजिका तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पौधे का रिकॉर्ड तैयार किया जाए और नियमित रूप से उसकी निगरानी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि पौधरोपण अभियान वास्तविक सफलता प्राप्त कर सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि 13 जुलाई तक पौधरोपण के लिए गड्ढों की खुदाई,भूमि की तैयारी तथा विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाए। इससे 16 जुलाई से शुरू होने वाला महाअभियान बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संचालित किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला दिवस पर आयोजित होने वाले सामूहिक पौधरोपण कार्यक्रम में सभी शासकीय विभाग,शिक्षण संस्थान,स्थानीय निकाय,जनप्रतिनिधि,स्वयं सहायता समूह,स्वयंसेवी संस्थाएं,सामाजिक संगठन तथा आम नागरिक सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जब तक समाज स्वयं पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी नहीं निभाएगा,तब तक हरियाली का सपना पूरी तरह साकार नहीं हो सकेगा। अभियान की प्रभावी निगरानी और समन्वय सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी को नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए। यह नियंत्रण कक्ष पूरे अभियान की गतिविधियों की निगरानी करेगा तथा विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं का नियमित संकलन एवं समीक्षा करेगा। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 4 जुलाई से प्रारंभ होने वाले सेवा सप्ताह कार्यक्रम की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नामित करते हुए निर्देश दिए कि जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी विकासखंडों में सेवा,सुशासन और समर्पण की भावना पर आधारित कार्यक्रम प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता शिविर,विभागीय स्टॉल,लाभार्थी सम्मान समारोह और लाभ वितरण कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जाएं,ताकि आमजन को योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने सभी विभागों के अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ निभाए। विभागों के बीच बेहतर समन्वय ही हरेला महाअभियान और सेवा सप्ताह को सफल एवं जनहितकारी बनाएगा। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.एस.एम.शुक्ला,परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय,मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना,जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने,जिला पंचायतराज अधिकारी जितेन्द्र कुमार,मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा,जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भण्डारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि इस वर्ष हरेला केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं होगा,बल्कि प्रकृति संरक्षण,पर्यावरण संवर्धन और जनभागीदारी का ऐसा व्यापक अभियान बनेगा,जो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और स्वच्छ उत्तराखंड की मजबूत नींव रखेगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...