खेल प्रतिभाओं के महाकुंभ को तैयार पौड़ी-तीन चरणों से मुख्यमंत्री चैंपियनशिप तक बनेगा विजेताओं का सफर

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में खेल प्रतिभाओं को निखारने और ग्रामीण क्षेत्रों से उभरते खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर तक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में खेल प्रतिभाओं को निखारने और ग्रामीण क्षेत्रों से उभरते खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर तक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंचने लगी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सितंबर माह में प्रस्तावित खेल महाकुंभ की तैयारियों का विस्तृत जायजा लेते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध,पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजन संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खेल महाकुंभ केवल एक प्रतियोगिता नहीं,बल्कि जनपद के युवाओं की प्रतिभा को नई पहचान दिलाने का सशक्त अभियान है,इसलिए प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करे। बैठक में जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने खेल महाकुंभ की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिताएं अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए तीन चरणों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम चरण में 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी तथा 21 से 30 सितंबर तक संसदीय स्तर पर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में जनपद पौड़ी गढ़वाल का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतियोगिताओं का विस्तृत कार्यक्रम शीघ्र तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए,ताकि अधिक से अधिक विद्यालयों एवं खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को शिक्षकों एवं अन्य कार्मिकों की समय से तैनाती सुनिश्चित करने तथा सभी विद्यालयों में प्रतियोगिताओं की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खेल स्थल का शीघ्र चयन कर आवश्यक मरम्मत एवं आधारभूत सुविधाओं का कार्य समय रहते पूरा किया जाए। खिलाड़ियों के लिए भोजन,जलपान,स्वच्छ पेयजल,विद्युत व्यवस्था,स्वास्थ्य सेवाएं,प्राथमिक उपचार,सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पूर्व से उपलब्ध कराई जाएं,ताकि प्रतियोगिताएं बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें। बैठक के दौरान सभी विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों,पीआरडी अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने खेल महाकुंभ को जनभागीदारी का महोत्सव बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ग्राम प्रधानों,क्षेत्र पंचायत सदस्यों,जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों को भी आयोजन से जोड़ा जाए,जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। बैठक में डिजिटल यूथ फेस्टिवल-2026 के प्रथम सप्ताह की प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता में सोनम रावत ने प्रथम,सूरजपाल सिंह ने द्वितीय तथा तनुजा रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मेरा जनपद-मेरी पहचान प्रतियोगिता में वंशिका नेगी प्रथम,शर्मिला द्वितीय तथा तनुराग रावत तृतीय स्थान पर रहे। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डिजिटल यूथ फेस्टिवल युवाओं को उनकी रचनात्मकता,नवाचार,सांस्कृतिक विरासत एवं स्थानीय पहचान को डिजिटल मंच पर प्रस्तुत करने का सशक्त अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक युवाओं से आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी,मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना,जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार,थानाध्यक्ष जयपाल नेगी,जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी,डॉ.अमित मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...