श्रीकोट में गूंजा खेल प्रतिभाओं का जोश-2000 नन्हे खिलाड़ियों के साथ मिनी गढ़़देवा-2026 का भव्य आगाज

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की धरती पर खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करने की दिशा में प्रारंभिक शिक्षा पौड़ी गढ़वाल की

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की धरती पर खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करने की दिशा में प्रारंभिक शिक्षा पौड़ी गढ़वाल की मिनी गढ़देवा 2026 का मंगलवार को स्वर्गीय विपिन रावत खेल स्टेडियम श्रीकोट श्रीनगर गढ़वाल में भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ करते हुए नन्हे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही स्टेडियम का वातावरण खेल भावना,जोश और उल्लास से सराबोर हो उठा। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन,आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने आयोजन के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने नन्हे खिलाड़ियों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ प्रतिभाग करना है। आज खेल के क्षेत्र में उत्तराखंड के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं और आने वाले समय में इन्हीं छोटे खिलाड़ियों में से अनेक प्रतिभाएं देश का नाम रोशन करेंगी। इस अवसर पर नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भण्डारी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतिभा को पहचान देने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन,मेहनत और अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करते हुए अपनी पहचान बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय फलक पर भारत का तिरंगा बुलंद करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के संयोजक अश्वनी रावत ने आयोजन में पहुंचे सभी अतिथियों,शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं नन्हे खिलाड़ियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का संदेश दिया। मिनी गढ़़देवा के उद्घाटन समारोह में सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय श्रीनगर तथा स्वामी ओंकारानंद श्रीकोट गंगानाली के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। लोक संस्कृति और बच्चों की प्रतिभा से सजी प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। वहीं विगत वर्ष की चैंपियन आरूषि आनन्दम पब्लिक स्कूल ढामक खिर्सू की टीम ने मशाल दौड़ के साथ प्रतियोगिता के खेल चरण का शुभारंभ किया। मशाल के साथ खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के शुरुआती चरण में विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 600 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में राजकीय जूनियर हाईस्कूल मंगरो,थलीसैंण की किरन ने प्रथम स्थान हासिल किया,जबकि दिव्य भारत जूनियर हाईस्कूल गंगा भोगपुर,यमकेश्वर की रजनी ने द्वितीय तथा राजकीय जूनियर हाईस्कूल देवार,विकासखंड कोट की राधिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग की एक अन्य स्पर्धा में दिव्य भारत जूनियर हाईस्कूल गंगा भोगपुर,यमकेश्वर की विजय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयरिश पब्लिक स्कूल श्रीकोट,श्रीनगर खिर्सू के समर्थ ने द्वितीय तथा राजकीय जूनियर हाईस्कूल बलोड़ी पौड़ी की असदरजा ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं आज प्रतियोगिता में कबड्डी और खो-खो के शुरुआती मुकाबले भी खेले जाएंगे,जिनमें विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे नन्हे खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे। 22 से 24 सितंबर तक चलने वाली इस जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में पौड़ी जनपद के सभी 15 विकासखंडों से लगभग 2000 बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं। प्राथमिक एवं सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न एथलेटिक्स तथा अन्य खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में मैदान पर जहां खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी,वहीं अलग-अलग क्षेत्रों से आए बच्चों को एक-दूसरे से सीखने और अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा। समारोह में अपर शिक्षा निदेशक प्रमेन्द्र सिंह बिष्ट,जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा पौड़ी अंशुल बिष्ट,खेल समन्वयक कमल उप्रेती,प्रदीप रावत,नवीन नेगी,प्राथमिक शिक्षक संघ पौड़ी के अध्यक्ष मनोज जुगराण,दीपक सजवाण,रेखा नेगी,संजय कठैत,जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ पौड़ी के भगत भण्डारी,मुकेश काला,चंद्र मोहन बिष्ट,संजय नौडियाल,नवीन धारीवाल,संजय प्रकाश,रोहित देवराड़ी,ललित मोहन बिष्ट,संगीता फरासी एवं जयकृत भण्डारी सहित अनेक शिक्षक,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,जिला व्यापार उद्योग अध्यक्ष वासुदेव कंडारी,प्रदीप मल्ल,समाजसेवी लखपत सिंह भण्डारी,सीमा भण्डारी सहित सम्मानित पार्षदगण एवं अन्य गणमान्य लोग भी समारोह में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सरिता उनियाल ने किया। मिनी गढ़़देवा 2026 के आयोजन को सफल बनाने में मंगलम फाउंडेशन श्रीनगर गढ़वाल,रश्मि बिष्ट,जितेन्द्र राय,जय दयाल चौहान,रेखा नेगी,अनीता गुसाईं,मुकेश बहुगुणा,सरफराज अहमद एवं विपिन गौतम सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। मिनी गढ़देवा केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं,बल्कि पौड़ी जनपद के दूरस्थ गांवों और विद्यालयों में छिपी नन्ही खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। खेल मैदान में उतरने वाले ये बच्चे आज भले ही छोटी उम्र के हों,लेकिन इनके भीतर बड़े सपने और कुछ कर गुजरने का जज्बा साफ दिखाई देता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ अनुशासन,आत्मविश्वास,सहयोग और संघर्ष की सीख भी मिलती है। मिनी गढ़देवा 2026 के आगाज ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि पौड़ी की धरती पर खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच,संसाधन और निरंतर प्रोत्साहन देने की है। श्रीकोट का खेल मैदान अगले तीन दिनों तक इन्हीं नन्हे खिलाड़ियों के जोश,जुनून और प्रतिभा का साक्षी बनेगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...