
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। समाज को स्वस्थ रखने वाले हाथ जब दिन-रात मानव जीवन की रक्षा में समर्पित हों,तो उनका सम्मान केवल औपचारिकता नहीं,बल्कि समाज का नैतिक दायित्व बन जाता है। चिकित्सकों की सेवा,समर्पण और मानवीय संवेदनाओं को नमन करते हुए डॉक्टर्स डे के अवसर पर श्रीनगर बार एसोसिएशन ने सरकार से स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी मरीजों की सेवा में जुटे चिकित्सकों का योगदान समाज के लिए अमूल्य है और उनके कार्यों को उचित पहचान मिलनी चाहिए। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने श्रीनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले अनेक चिकित्सकों के योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर डॉ.बी.पी.नैथानी,राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना,पूर्व प्राचार्य डॉ.सी.एम.एस.रावत,बेस चिकित्सालय श्रीनगर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश रावत,उपजिला चिकित्सालय श्रीनगर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.विमल गुसाईं,डॉ.अजय विक्रम,डॉ.सुरेश कोठियाल,डॉ.गोविंद पुजारी,डॉ.गौतम नैथानी,डॉ.गरिमा नैथानी,डॉ.रचित गर्ग,डॉ.मारिषा पंवार तथा डॉ.अजय गोयल के चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान की विशेष प्रशंसा की गई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी ने कहा कि चिकित्सक केवल बीमारियों का उपचार ही नहीं करते,बल्कि समाज को स्वस्थ,सुरक्षित और आश्वस्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से डॉ.बी.पी.नैथानी के चिकित्सा सेवा कार्यों और उनके द्वारा संचालित स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि श्रीनगर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में डॉ.बी.पी.नैथानी और उनकी धर्मपत्नी मंजू नैथानी द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। यह अभियान शहर को स्वच्छ,सुंदर और जागरूक बनाने की दिशा में ऐतिहासिक एवं अनुकरणीय प्रयास है। बार काउंसिल सदस्य अर्जुन सिंह भंडारी तथा बार एसोसिएशन के संरक्षक अनूप पांथरी ने कहा कि डॉ.बी.पी.नैथानी और मंजू नैथानी चिकित्सा सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में भी निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उनका समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और ऐसे व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए। अधिवक्ताओं ने प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से श्रीनगर सहित प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में सकारात्मक कार्य हुए हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित कर अन्य चिकित्सकों को भी प्रेरित किया जाए। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के संरक्षक अनूप पांथरी,अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी,महासचिव ब्रह्मानंद भट्ट,पूर्व अध्यक्ष दीपक भंडारी,पूर्व उपाध्यक्ष विवेक जोशी,पूर्व महासचिव विकास पंत,पूर्व सहसचिव प्रदीप मैठाणी,सहसचिव देवी प्रसाद खरे,कोषाध्यक्ष सुबोध भट्ट,बलवीर सिंह रौतेला,ओम प्रकाश मैठाणी,आनंद सिंह बुटोला,गौरव उपाध्याय,नितेश भारती,कुलदीप दानू,लक्ष्मीकांत,प्रेरणा काला,रतन सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। बार एसोसिएशन ने एक स्वर में कहा कि समाज के स्वास्थ्य की रक्षा करने वाले चिकित्सकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए,बल्कि उनके उत्कृष्ट कार्यों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देकर नई पीढ़ी को सेवा,समर्पण और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा दी जानी चाहिए।