
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जब उम्मीदें धुंधलाने लगें और अपनों की तलाश हर दिन एक नई बेचैनी में बदल जाए,तब किसी का संवेदनशील प्रयास ही परिवार के जीवन में फिर से उम्मीद की रोशनी जगा सकता है। ऐसा ही एक मानवीय उदाहरण सामने आया है,जहां स्वर्गीय राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट ने पुलिस के सहयोग से दो माह से लापता युवक को खोज निकालकर एक परिवार की बिखरती उम्मीदों को फिर से संजो दिया। युवक के सकुशल मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने ट्रस्ट तथा पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार चौथान क्षेत्र का रहने वाला लगभग 25 वर्षीय युवक करीब दो वर्ष पूर्व रोजगार की तलाश में नोएडा गया था। प्रारंभिक दिनों में उसकी अपने परिवार से नियमित बातचीत होती रही,लेकिन पिछले लगभग दो महीनों से उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा और परिजनों का उससे हर प्रकार का संपर्क टूट गया। लगातार संपर्क न होने से परिवार गहरी चिंता और मानसिक तनाव में जी रहा था। युवक की कुशलता को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं परिजनों को परेशान कर रही थीं। जब परिवार को कोई रास्ता नहीं सूझा,तब उन्होंने स्वर्गीय राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट से सहायता की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रस्ट ने बिना विलंब अपनी टीम को सक्रिय किया और पुलिस के सहयोग से युवक की तलाश शुरू कर दी। विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास,सूचनाओं का संकलन और समन्वित कार्रवाई के बाद युवक का पता हरियाणा में लगाया गया,जहां वह सकुशल मिला। ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय रावत ने बताया कि किसी भी संकटग्रस्त परिवार की सहायता करना ट्रस्ट का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ संस्था सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उनका कहना था कि पहाड़ से रोज़गार के लिए बाहर जाने वाले युवाओं और उनके परिवारों के सामने कई तरह की चुनौतियां आती हैं। ऐसे में यदि कोई परिवार किसी संकट में फंसता है तो ट्रस्ट हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तैयार रहेगा। युवक के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए ट्रस्ट और पुलिस के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों से पूरा परिवार अनिश्चितता और चिंता के दौर से गुजर रहा था। अब बेटे के सुरक्षित मिलने से घर में फिर से खुशियां लौट आई हैं। विजय रावत ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार की सामाजिक,स्वास्थ्य संबंधी अथवा अन्य मानवीय समस्या का सामना कर रहा है,तो वह निसंकोच ट्रस्ट से संपर्क कर सकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संस्था समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ कार्य करती रहेगी। यह घटना केवल एक युवक के मिलने की कहानी नहीं,बल्कि यह संदेश भी देती है कि समाज और प्रशासन के समन्वित प्रयास,संवेदनशील सोच और सेवा भाव से असंभव प्रतीत होने वाली परिस्थितियों में भी उम्मीद की नई किरण जगाई जा सकती है।