
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तरा केयर हॉस्पिटल (आईएसएसए फाउंडेशन द्वारा संचालित) लगातार सराहनीय प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में विकासखंड पौड़ी की ग्राम सभा क्यार्क (बहेली गांव) में मंगलवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 35 ग्रामीणों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण,चिकित्सकीय परामर्श तथा निःशुल्क औषधियों का लाभ प्राप्त किया। दूरस्थ क्षेत्र में आयोजित इस शिविर ने ग्रामीणों को उनके घर के समीप ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं,जिससे लोगों ने अस्पताल की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने प्रत्येक मरीज का विस्तार से स्वास्थ्य परीक्षण किया। रक्तचाप,रक्त शर्करा,हीमोग्लोबिन,रक्त में ऑक्सीजन का स्तर,नाड़ी की गति,वजन तथा शारीरिक भार सूचकांक की जांच कर लोगों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी गई। जिन मरीजों में किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या पाई गई,उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ ही निःशुल्क औषधियां भी उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से मुख कैंसर एवं स्तन कैंसर की प्रारंभिक जांच और परामर्श भी दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर जांच और उपचार से कई गंभीर बीमारियों को शुरुआती अवस्था में ही नियंत्रित किया जा सकता है। शिविर में उपस्थित लोगों को संतुलित आहार,स्वच्छ जीवनशैली,नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी जानकारी पत्रक वितरित कर लोगों को स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। आईएसएसए फाउंडेशन के निदेशक आई.एस.नेगी ने कहा कि संस्था का लक्ष्य केवल उपचार उपलब्ध कराना नहीं,बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक समाज का निर्माण करना भी है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना फाउंडेशन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। उत्तरा केयर हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक जे.पी.चमोली ने बताया कि अस्पताल निरंतर ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रहा है, ताकि दूर-दराज के ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह से अनेक गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है,इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए। शिविर के सफल संचालन में ग्राम प्रधान निर्मला देवी तथा आशा कार्यकर्ता कविता देवी का विशेष योगदान रहा। दोनों ने ग्रामीणों को शिविर तक पहुंचाने, स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित करने तथा आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। उत्तरा केयर हॉस्पिटल परिवार ने उनके सहयोग एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ गांव में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम का पहुंचना उनके लिए बड़ी राहत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे,ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके अपने क्षेत्र में ही मिलती रहें। उत्तरा केयर हॉस्पिटल और आईएसएसए फाउंडेशन ने विश्वास दिलाया कि जनहित और लोककल्याण की भावना से प्रेरित होकर भविष्य में भी पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे,जिससे हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सुलभ,गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।