
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। रोटरी क्लब श्रीनगर ने नए सत्र का आगाज नई ऊर्जा,नए नेतृत्व और जनसेवा के व्यापक विजन के साथ किया। वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी ने बुधवार को आयोजित गरिमामयी पदभार ग्रहण समारोह में विधिवत दायित्व संभालते हुए समाज के हर वर्ग तक सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संकल्प लिया। समारोह में रोटरी की गौरवशाली परंपराओं,संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धताओं और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर स्थित ट्रापीकल कैफे में आयोजित समारोह में रोटरी मंडल के रीजनल कोऑर्डिनेटर रोटेरियन बृजेश भट्ट ने कॉलर चेंज की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर नई कार्यकारिणी को जिम्मेदारियां सौंपी। उन्होंने कहा कि रोटरी केवल एक संस्था नहीं,बल्कि सेवा,संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का वैश्विक अभियान है। उन्होंने नई टीम से समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और जनहित के कार्यों में नई मिसाल कायम करने का आह्वान किया। नई कार्यकारिणी में रोटेरियन अनिल ढौंडियाल अध्यक्ष,रोटेरियन डॉ.हरीश भट्ट सचिव,रोटेरियन डॉ.राजेंद्र भंडारी कोषाध्यक्ष,रोटेरियन अनूप घिल्डियाल क्लब काउंसलर तथा रोटेरियन सीताराम बहुगुणा सार्जेंट एट आर्म का कार्यभार संभाला। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल ढौंडियाल ने कहा कि क्लब आने वाले वर्ष में स्वास्थ्य,शिक्षा,पर्यावरण संरक्षण,रक्तदान,महिला एवं युवा सशक्तिकरण तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं,बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले स्थायी प्रयास करना है। समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल,सचिव संजय रावत एवं कोषाध्यक्ष मनीष कोठियाल ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए सभी सदस्यों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया और नई टीम को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान रोटरी मंडल स्तर पर श्रीनगर क्लब के सदस्यों को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की भी घोषणा की गई। रोटेरियन बृजेश भट्ट को रीजनल कोऑर्डिनेटर,नरेश नौटियाल को डायरेक्टर इंट्रैक्ट क्लब,खिलेन्द्र चौधरी को डायरेक्टर रोट्रैक्ट क्लब,ओम प्रकाश गोदियाल को डायरेक्टर डिस्ट्रिक्ट इवेंट तथा दिनेश प्रसाद जोशी को डायरेक्टर डिस्ट्रिक्ट पल्स पोलियो की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसे क्लब की सक्रियता और उत्कृष्ट कार्यशैली का सम्मान बताया गया। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन खिलेन्द्र चौधरी ने किया। अंत में सभी सदस्यों ने रोटरी के आदर्श स्वार्थ से ऊपर सेवा की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग और सेवा पहुंचाने का सामूहिक संकल्प दोहराया।