
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जनपद की नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल के जनपद में प्रथम आगमन एवं कार्यभार ग्रहण करने पर स्वच्छता अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्वच्छ भारत अभियान श्रीनगर की स्वच्छता टीम की ओर से डॉ.असवाल को पुष्पगुच्छ एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान श्रीनगर के ब्रांड एंबेसडर डॉ.बी.पी.नैथानी,मंजू नैथानी,डॉ.गरिमा नैथानी एवं निर्मला भट्ट ने डॉ.मेघना असवाल का स्वागत करते हुए उनके पूर्व कार्यकाल और सेवाओं की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि डॉ.असवाल ने अपने चिकित्सकीय जीवन में सेवा,कर्तव्यनिष्ठा और प्रशासनिक दक्षता का परिचय देते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थानों में उल्लेखनीय कार्य किया है। स्वच्छता टीम के सदस्यों ने कहा कि डॉ.मेघना असवाल इससे पूर्व पौड़ी जिला चिकित्सालय,उपजिला चिकित्सालय प्रेमनगर तथा कोरोनेशन अस्पताल देहरादून में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुकी हैं। उन्होंने स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं देने के साथ-साथ चिकित्सा प्रशासन की जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। वक्ताओं ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा के क्षेत्र में डॉ.असवाल द्वारा किए गए कार्यों को उल्लेखनीय बताया। इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन का गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर उनके शोध एवं कार्यों की भी सराहना की गई। उन्होंने कहा कि पहाड़ी जनपदों में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाना अपने आप में बड़ी चुनौती है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों,दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य जैसी महत्वपूर्ण आवश्यकताओं के बीच एक संवेदनशील और कुशल प्रशासनिक नेतृत्व की आवश्यकता रहती है। ऐसे में डॉ.मेघना असवाल का अनुभव जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए उपयोगी साबित होने की उम्मीद है। स्वच्छता टीम ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ.मेघना असवाल के कुशल नेतृत्व,अनुभव और मार्गदर्शन में पौड़ी जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी। दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच,मरीजों की सुविधाओं में वृद्धि तथा स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आने की उम्मीद जताई गई। डॉ.बी.पी.नैथानी एवं स्वच्छता टीम के सदस्यों ने कहा कि स्वास्थ्य और स्वच्छता एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए विषय हैं। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वच्छ वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की भी आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ.असवाल के मार्गदर्शन में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बेहतर समन्वय स्थापित होगा। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को जनपद में और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। डॉ.असवाल के प्रशासनिक अनुभव का लाभ इस दिशा में भी मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई। डॉ.मेघना असवाल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी का दायित्व संभालने पर बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी,बार एसोसिएशन श्रीनगर के संरक्षक अनूप पांथरी,अध्यक्ष प्रमेश चंद्र जोशी एवं पूर्व महासचिव विकास पंत ने भी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने डॉ.असवाल को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल होगी। स्वच्छता टीम ने डॉ.मेघना असवाल के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि उनका आगमन पौड़ी जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था में बेहतर बदलाव और नई कार्यसंस्कृति की उम्मीद लेकर आया है।