
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने गुरुवार को हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचकर विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना और उपचार,दवाइयों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मंत्री ने चिकित्सकों से मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की प्रगति की जानकारी लेते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत के दौरान मरीजों ने अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार को लेकर संतोष व्यक्त किया। डॉ.रावत ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और उन्हें आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान डॉ.धन सिंह रावत आईसीयू वार्ड में भर्ती त्रिपालीसैंण क्षेत्र की निवासी सुनीता देवी से भी मिले। सुनीता देवी को 16 अगस्त को गांव में घास काटते समय जहरीले सांप ने डंस लिया था। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल बेस अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने बिना समय गंवाए उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के प्रयासों से महिला की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है और फिलहाल वह आईसीयू में चिकित्सकीय निगरानी में है। मंत्री ने महिला के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए चिकित्सकों से उपचार की प्रगति के बारे में जानकारी ली तथा सुनीता देवी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। महिला के पति विक्रम सिंह ने बताया कि सर्पदंश के बाद परिवार बेहद चिंतित था,लेकिन बेस अस्पताल में समय पर उपचार मिलने से उनकी पत्नी की जान बच सकी। उन्होंने चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया। शिक्षा मंत्री ने हाल ही में तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित नंदा सती के पिता ब्रह्मानंद सती से भी मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। पेट संबंधी परेशानी के चलते उनका ऑपरेशन हुआ है और वर्तमान में सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.धनंजय डोभाल की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। डॉ.रावत ने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति और उपचार की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्रह्मानंद सती के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। मंत्री ने अस्पताल के अन्य वार्डों में पहुंचकर भी मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत की। उन्होंने उपचार के दौरान आने वाली किसी भी समस्या के बारे में जानकारी ली और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान डॉ.धन सिंह रावत बेस अस्पताल परिसर में स्थापित आंचल कैफे में भी पहुंचे। उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अस्पताल आने वाले मरीजों एवं तीमारदारों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सर्पदंश पीड़ित महिला के उपचार की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और चिकित्सकीय टीम उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.ए.एन.पांडेय,भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,डॉ.सतीश कुमार सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।