
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक,धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी श्रीनगर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन पर उत्साह,उमंग और जनभागीदारी का अनूठा दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए शहर की सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। जगह-जगह पुष्पवर्षा और अभिनंदन के बीच मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री का यह दौरा श्रीनगर के विकास,शहरी सुविधाओं के विस्तार और महिला सशक्तीकरण के लिहाज से कई महत्वपूर्ण सौगातें लेकर आया। करीब 9.35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही उन्होंने लगभग नौ वर्षों से बंद सिटी बस सेवा को दोबारा हरी झंडी दिखाकर शुरू कराया। वहीं ‘सशक्त बहना,सशक्त उत्तराखंड’कार्यक्रम के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों और पर्यावरण मित्र महिलाओं को प्रोत्साहित किया। श्रीनगर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत,सतपाल महाराज,विधायक भरत चौधरी,जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया,महापौर आरती भंडारी,जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर जूनियर दिल्ली स्कूल की प्रधानाचार्य बबिता गुसाईं के साथ आए 10 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को डीक्राफ्ट भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना और उन्हें प्रोत्साहित किया। महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन,51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को मिली किट ‘सशक्त बहना-सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 2,01,530 रुपये का चेक वितरित किया। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की। इस पहल का उद्देश्य महिला समूहों की आजीविका को प्रोत्साहन देने के साथ ही स्वच्छता कार्यों में जुटी महिलाओं के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना है।
नौ साल बाद श्रीनगर की सड़कों पर फिर दौड़ी सिटी बस
श्रीनगरवासियों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने करीब नौ वर्षों बाद नगर में सिटी बस सेवा का पुनः शुभारंभ किया। महापौर आरती भण्डारी की पहल पर जिलाधिकारी को भेजे गए प्रस्ताव के क्रम में जिला प्रशासन ने अनटाइड फंड से लगभग 22.48 लाख रुपये की लागत से 30 सीटर बस उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उसकी चाबी नगर निगम को सौंपी। इस दौरान उन्होंने पार्षदों से भरी बस का फ्लैग ऑफ भी किया। यह बस धारी देवी से कलियासौड़ होते हुए कीर्तिनगर पुल तक संचालित होगी। प्रारंभिक व्यवस्था के तहत प्रतिदिन कम से कम पांच चक्कर लगाए जाएंगे। शीतकाल में बस सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक तथा ग्रीष्मकाल में सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक संचालित होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए नगर के विभिन्न स्थानों पर बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे। न्यूनतम किराया निर्धारित होने से विद्यार्थियों,नौकरीपेशा लोगों,स्थानीय नागरिकों और बाजार आने-जाने वाले यात्रियों को किफायती सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध होगी।
ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण,हरित परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही शहर में पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल स्वच्छ,आधुनिक और हरित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
9.35 करोड़ के विकास कार्यों से बदलेगी नगर की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने नगर निगम श्रीनगर क्षेत्रांतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा,स्वर्गीय रणजीत सिंह भण्डारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क),सड़क एवं नाली निर्माण,लक्ष्मीनारायण पार्क,विभिन्न पार्कों का सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। इन कार्यों से नगर की स्वच्छता व्यवस्था,पर्यावरण संरक्षण,जल संचयन और आधारभूत नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री,प्रोटोकॉल छोड़कर किया आत्मीय संवाद
मुख्यमंत्री के श्रीनगर दौरे के दौरान बच्चों के प्रति उनका आत्मीय व्यवहार भी चर्चा का विषय रहा। कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री अपने वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर विद्यार्थी खासे उत्साहित नजर आए। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी,उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित नगर निगम के पार्षदगण,विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री का यह दौरा श्रीनगर के लिए सार्वजनिक परिवहन की बहाली,शहरी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार,पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को एक साथ सामने लेकर आया। अब नगरवासियों की निगाहें इन विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और उनसे मिलने वाली सुविधाओं पर टिकी रहेंगी।