हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के खिर्सू ब्लॉक प्रमुख का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को भव्य और ऐतिहासिक माहौल में सम्पन्न हुआ। पूरे आयोजन में ढोल-दमाऊं की थाप,पारंपरिक वाद्ययंत्र और जनता की भारी उपस्थिति ने इसे उत्सव का रूप दे दिया। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत और विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा की प्रदेश मंत्री डॉ.मीरा रतूड़ी मौजूद रहीं। मां भगवती राजराजेश्वरी मंदिर के मुख्य पुजारी कुंजिका प्रसाद उनियाल ने मंत्री और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को माता की चुन्नी पहनाकर आशीर्वाद दिया। नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी ने मंत्री को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर जेष्ठ प्रमुख नितिन रावत,कनिष्ठ प्रमुख वरदासी देवी सहित क्षेत्र पंचायत सदस्यों नीलम चौहान,आरती देवी,रूचि देवी,नीतू देवी,गुड्डी देवी,रामेश्वरी देवी,रोशनी देवी,उत्तम सिंह,सुरजीत सिंह,योगेश चन्द्र और राहुल प्रसाद ने विधिवत संविधान और गोपनीयता की शपथ ली। इस भव्य आयोजन में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत,पूर्व राज्य मंत्री मातवर सिंह रावत,पूर्व ब्लॉक प्रमुख संपत सिंह रावत,पूर्व प्रमुख भवानी गायत्री,भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट,खिर्सू मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला,मंडल महामंत्री भुपेंद्र सिंह पंवार,कमल रावत मंडल मीडिया प्रभारी अनंत भण्डारी,श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता,सामाजिक प्रतिनिधि और जनमानस उपस्थित मंत्री डॉ.रावत ने कहा जनप्रतिनिधि जनता की आकांक्षाओं के संवाहक होते हैं। सभी पंचायत प्रतिनिधि लगन और ईमानदारी से कार्य करें। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पंचायत प्रतिनिधि को आधुनिक कार्यप्रणाली और योजनाओं की जानकारी के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाए,ताकि वे विकास कार्यों को और प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें। उन्होंने आगे कहा कि खिर्सू ब्लॉक में स्टेडियम,छात्रावास और पर्यटन विकास योजनाओं को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाएगा। पर्यटन स्थलों को विकसित कर युवाओं को रोजगार के अवसर देने और खेल सुविधाओं के जरिए प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का संकल्प सरकार का है। भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर ने भरोसा जताया कि अनिल भण्डारी खिर्सू ब्लॉक को नई ऊर्जा देंगे। वहीं भाजपा जिला महामंत्री गिरीश पैन्यूली ने कहा कि अनिल भण्डारी युवा और ऊर्जावान नेतृत्वकर्ता हैं। संगठन और जनता के विश्वास के साथ वे निश्चित ही क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी ने अपने पहले औपचारिक संबोधन में कहा जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है,वही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मेरा लक्ष्य है कि खिर्सू ब्लॉक शिक्षा,स्वास्थ्य,कृषि,खेल और पर्यटन के क्षेत्र में आदर्श बने। पारदर्शिता और जनभागीदारी हमारी कार्यशैली का आधार होगा। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह दुबडिया,विकास खण्ड अधिकारी हरेंद्र सिंह कोहली सहित कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी और विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उत्सव में बदला शपथ ग्रहण-ढोल-दमाऊं की थाप,पारंपरिक वाद्ययंत्र,नेताओं के उत्साही संबोधन और जनता की भारी भीड़ ने शपथ ग्रहण को महज औपचारिकता नहीं,बल्कि विकास और लोकतंत्र के उत्सव में बदल दिया।