
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीक्षेत्र के पौराणिक गणेश मंदिर प्रांगण में चल रही 11 दिवसीय मत्स्य पुराण कथा के नवम दिवस पर आज 4 सितम्बर बृहस्पतिवार को भक्ति-श्रद्धा और अध्यात्म का अनुपम संगम देखने को मिला। व्यास पीठ पर विराजमान श्रीक्षेत्र के ख्यातिप्राप्त आचार्य मधुसूदन घिल्डियाल के मुखारविंद से जब मत्स्य पुराण की दिव्य कथा प्रवाहित हुई,तो पूरा मंदिर प्रांगण भक्ति रस में सराबोर हो उठा। आज की कथा में आचार्य ने सूर्यवंशी भगवान श्रीराम के 42 वीं पीढ़ी में अवतरण की महिमा का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन धर्म,मर्यादा और आदर्शों का जीवंत उदाहरण है। साथ ही उन्होंने गंगा अवतरण की पावन कथा का विस्तृत चित्रण करते हुए बताया कि कैसे राजा भगीरथ की कठोर तपस्या और असीम श्रद्धा से गंगा मां धरती पर अवतरित हुईं और साठ हजार राजा सगर पुत्रों का उद्धार कर उन्हें मोक्ष प्रदान किया। व्यास पीठ पर विराजमान मधुसूदन घिल्डियाल ने कहा गंगा केवल जलधारा नहीं,बल्कि मोक्ष,पवित्रता और दिव्यता का प्रतीक है। श्रद्धाभाव से गंगा का स्मरण मात्र भी जीवन को पवित्र बना देता है। इसके अतिरिक्त कथा में राजा दिलीप की गौ-सेवा,भगवान श्रीराम द्वारा रावण के उद्धार और भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कंस के उद्धार जैसे दिव्य प्रसंगों का गहन और मनोहर विवेचन किया गया। कथा के उपरांत आयोजित भजन-कीर्तन में मातृशक्ति ने अपनी मधुर वाणी से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। भजन-राम नाम के हीरे मोती,मैं बिखेरूं गलियों में राम बिना ये जीवन सूना,क्या रखा है जगत की मेलों में। हरे कृष्ण हरे राम,गूंजे तेरे नाम मन मंदिर में बसा तेरा ही ध्यान,प्रभु तेरा ही गुणगान। इन भजनों की स्वरलहरियों से गणेश मंदिर का प्रांगण गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में भावविभोर होकर कभी तालियां बजाते,तो कभी ध्यानमग्न होकर आंखें मूंद लेते। इस आध्यात्मिक महोत्सव में गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी रामकृष्ण पाण्डेय सहित प्रभात पाण्डेय,राकेश जोशी,लखपत सिंह भंडारी,अर्जुन अग्रवाल,सुमन डुडेजा,रणजीत सिंह नेगी ने विशेष भूमिका निभाई। भक्ति भाव से सराबोर होकर कथा में सीमा पाण्डेय,पूजा जोशी,अलका पाण्डेय,नीता जोशी,पूजा मिश्रा,आशा रुडोला,रेखा भट्ट,मधु पडियार,रेखा गुप्ता,बीना मिश्रा,इंदु रावत,रीतु बंसल,शकुंतला बंसल,शशि भट्ट,मीना भट्ट,उषा भट्ट,मानसी रावत,शारदा देवी,अर्चना अग्रवाल,नीलम अग्रवाल,पायल सजवाण,विधि बिश्नोई,मिनी बंसल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु भक्तगणों ने भाग लिया। श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी ने भी गणेश मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर प्रांगण में नवम दिवस की कथा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। कथा श्रवण,भजन-कीर्तन,आरती और प्रसाद वितरण से वातावरण पूर्णत: भक्ति,आस्था और अध्यात्म की सुगंध से महक उठा।