
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आपदा से जूझ रहे उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में हिमालय क्रांति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर समाजसेवा की मिसाल पेश की है। जिला अध्यक्ष अनूप बसलियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोखिम उठाकर आपदाग्रस्त गांवों में जरूरतमंद परिवारों को खाने-पीने की दैनिक सामग्री वितरित की। बताया गया कि धराली क्षेत्र में अभी भी सड़क बाधित होने के कारण वहां तक पहुंचना बेहद मुश्किल और जोखिम भरा कार्य है। ऐसे कठिन हालात में भी हिमालय क्रांति पार्टी के कार्यकर्ता बिना अपनी जान की परवाह किए,आपदा प्रभावित ग्रामीणों के बीच पहुंचे और राहत सामग्री सौंपी। प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह बिष्ट ने कहा कि पार्टी उन सभी क्रांतिवीर साथियों की भूरी-भूरी प्रशंसा करती है जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद राहत कार्यों को अंजाम दिया। जरूरतमंदों की सेवा ही हमारे लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है और हिमालय क्रांति पार्टी सदैव दिन-दुखियों की सेवा में अग्रसर रहेगी। स्थानीय ग्रामीणों ने पार्टी कार्यकर्ताओं के इस मानवीय प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की और कहा कि इस संकट की घड़ी में उन्हें वास्तविक सहयोग और संबल मिला है।