
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। आगामी छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण व सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से 11 सितम्बर 2025 को कोतवाली श्रीनगर में पुलिस-प्रशासन व छात्र प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। इस गोष्ठी की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार ने की। बैठक में नायब तहसीलदार दीपक भण्डारी,कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयपाल सिंह नेगी,उप निरीक्षक मुकेश गैरोला सहित मीडिया प्रतिनिधि एवं छात्रसंघ से जुड़े छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान छात्रों को लोकतांत्रिक परंपरा को सशक्त करने के लिए शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है,जिसे किसी भी प्रकार के विवाद,हिंसा या तोड़फोड़ से कलंकित नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों ने छात्रों से अपील की कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार के वाद-विवाद,मारपीट या अशांति से बचें,सरकारी सम्पत्ति को नुकसान न पहुंचाएं,कानून व्यवस्था और प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करें। क्षेत्राधिकारी श्रीनगर ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सजग है,किंतु चुनाव की गरिमा बनाए रखना सबसे पहले छात्रों की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों को लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए चुनाव को शिक्षा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का मंच बनाने की प्रेरणा दी। नायब तहसीलदार दीपक भण्डारी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव युवाओं के भविष्य की दिशा तय करते हैं,इसलिए इसे अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निभाना आवश्यक है। प्रभारी निरीक्षक जयपाल सिंह नेगी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तैनात रहेगा और किसी भी अप्रिय स्थिति को सख्ती से निपटाया जाएगा। बैठक के अंत में छात्रों ने भी शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने का संकल्प दोहराया और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।