
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शनिवार को आदिति पैलेस श्रीनगर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रबुद्ध जन सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश,जिला और मंडल स्तर के अनेक प्रबुद्धजन,पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बदलती तस्वीर का उल्लेख करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पूरा जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित रहा है। वे केवल भारत ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर एक प्रभावशाली और विश्वसनीय नेता के रूप में उभरे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने मोदी जी के केदारनाथ से गहरे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी साधना स्थली आज मोदी गुफा के नाम से विख्यात है,जो श्रद्धा और सेवा भाव का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने आने वाले समय में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को साझा करते हुए सभी से इस मिशन में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में रविवार को श्रीनगर के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले विशाल स्वास्थ्य शिविर की जानकारी भी दी और जनमानस से उसमें अधिकाधिक भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व प्रधानाचार्य वी.एस.कर्नाटक ने कहा कि तीरथ सिंह रावत न केवल राजनीति के क्षेत्र में बल्कि व्यक्तिगत जीवन में भी उनके परम मित्र और प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने भाजपा की स्वर्णिम विकास यात्रा को आगे बढ़ाने पर बल दिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से लेकर 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवाड़े के कार्यक्रमों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया और जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट ने किया,जबकि समापन की घोषणा जिला उपाध्यक्ष गिरीश पैन्यूली ने की। सम्मेलन में मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,प्रेमलाल पांडे,शशि जुयाल,प्रमिला भंडारी,मंडल महामंत्री शुभम प्रभाकर,दिनेश पटवाल,क्रांति किशोर नेगी,मीडिया प्रभारी प्रकाश सती,भारत बिष्ट,गुणानंद,चंदन सिंह चौहान,भास्करनंद अंथवाल,कुलीराम सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रबुद्ध जन सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि भाजपा केवल राजनीतिक संगठन ही नहीं बल्कि सेवा-संस्कार और समर्पण की शक्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत जिस विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर है,उस यात्रा में श्रीनगर जैसे छोटे नगरों से लेकर देश का हर कोना समान भागीदार है। सम्मेलन ने साफ कर दिया कि जनता का विश्वास और प्रबुद्ध वर्ग का मार्गदर्शन भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और यही ताकत आने वाले कल में राष्ट्र निर्माण का आधार बनेगी।