
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों ने ग्राम पंचायतों में वार्ड सदस्यों के चुनाव हेतु अधिसूचना शीघ्र जारी करने की मांग को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विकास खण्ड खिर्सू स्थित सुरालगांव ग्राम प्रधान रुकम सिंह रावत ने देहरादून स्थित निर्वाचन मुख्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार से मुलाकात कर विस्तार से स्थिति रखी। ग्राम प्रधान रुकम सिंह रावत ने बताया कि निर्वाचन आयुक्त ने मुलाकात के दौरान आश्वासन दिया है कि इसी माह हर हाल में ग्राम पंचायत वार्ड सदस्यों के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। प्रधानों का कहना है कि पंचायत चुनाव-2025 के परिणाम 31 जुलाई 2025 को घोषित हुए दो माह से अधिक का समय बीत चुका है,लेकिन वार्ड सदस्यों का चुनाव न होने से पंचायत प्रशासन पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। पंचायतों में विकास कार्य अधर में लटके पड़े हैं और आम जनता तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पा रहा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पिछले एक वर्ष से पंचायत प्रशासन वार्ड सदस्यों के अभाव में पंगु हो चुका है। दैवीय आपदा से प्रभावित ग्राम पंचायतों में हालात और भी खराब हैं। चुनाव न होने से योजनाओं का क्रियान्वयन रुक गया है,जिससे समाज के कमजोर वर्गों-विधवाओं,विकलांगों,वृद्धजनों और बीपीएल परिवारों पर गहरा असर पड़ रहा है। प्रधानों ने निर्वाचन आयुक्त से मांग की कि पंचायत स्तर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुचारु बनाने और विकास की गाड़ी को पटरी पर लाने के लिए चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की और देरी न की जाए। ग्राम प्रधान रुकम सिंह रावत की पहल पर राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार द्वारा दिए गए आश्वासन से अब ग्रामीण अंचलों में उम्मीद की किरण जगी है। यदि आयोग व सरकार अपने वायदे के अनुसार इस माह चुनाव संपन्न कराते हैं तो पंचायतों में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिल सकेगी।