
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की अस्मिता,आत्मनिर्भरता और ग्रामोदय की भावना को नई दिशा देने वाले एक महत्वपूर्ण क्षण में प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक,प्रशासनिक एवं कानूनी विशेषज्ञ,राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित अधिकारी तथा रैबासी कल्याण संस्था के संस्थापक एवं निदेशक से.नि.असिस्टेंट कमांडेंट रवींद्र प्रसाद जुयाल रवि बोडा ने अपने समर्थकों सहित हिमालय क्रांति पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जुयाल जो ग्राम बालमणा कोट ब्लॉक निवासी ने पार्टी जिला कार्यालय पौड़ी गढ़वाल पहुंचकर पार्टी के केंद्रीय एवं प्रांतीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे गर्व है कि मैंने हिमालय क्रांति पार्टी की सदस्यता लेकर उस जन आंदोलन का हिस्सा बनने का निर्णय लिया है,जो उत्तराखंड की अस्मिता,आत्मनिर्भरता,ग्रामोदय और रिवर्स पलायन की भावना को समर्पित है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि निष्ठा,पारदर्शी नेतृत्व और सामूहिक प्रयासों से हम उत्तराखंड को राष्ट्र निर्माण में अग्रणी राज्य बना सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि वे अपने समस्त अनुभव,समय और क्षमता को जनसेवा,संगठन विस्तार और नीति-निर्माण में समर्पित करेंगे। उनका लक्ष्य पलायन रोकथाम और रिवर्स पलायन के माध्यम से ग्राम्य विकास को सशक्त बनाना है,ताकि उत्तराखंड के युवा अपने गांवों में सम्मानजनक जीवनयापन कर सकें। इस अवसर पर जिला कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह बिष्ट ने जुयाल एवं उनके समर्थकों का माल्यार्पण कर हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा हिमालय क्रांति पार्टी में ऐसे बहुआयामी व्यक्तित्व के जुड़ने से सैनिकों,पूर्व सैनिकों और आम जनमानस में पार्टी के प्रति विश्वास और रुझान अवश्य बढ़ेगा। जुयाल का अनुभव और राष्ट्रभक्ति पार्टी के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत ने किया। उन्होंने कहा कि रवींद्र जुयाल जैसे कर्मशील और राष्ट्रनिष्ठ व्यक्तित्व के पार्टी में आने से आम कार्यकर्ताओं में नया उत्साह संचारित हुआ है और हिमालय क्रांति पार्टी अब जन-जन की पार्टी बनकर उभर रही है। इस अवसर पर जुयाल के साथ बबिता देवी,अनूप पंवार,गजपाल सिंह रावत,पंकज कुमार,गबर सिंह रावत,जय नंद कोठारी और सुरेंद्र सिंह नेगी ने भी हिमालय क्रांति पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला कार्यालय में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह बिष्ट,जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत,नगर उपाध्यक्ष विमला देवी,सुरेश चमोली,सोबन सिंह रावत,टीटू नेगी,नागी देवी,अमन पयाल,कु.निशा और दीपक नेगी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नए क्रांतिवीरों का गरमजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।