जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया का सतपुली-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर औचक निरीक्षण

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के राज्य की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देशों के तहत पौड़ी जनपद में चल रहे विशेष अभियान की समीक्षा के लिए

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के राज्य की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देशों के तहत पौड़ी जनपद में चल रहे विशेष अभियान की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने सोमवार को सतपुली-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पौड़ी से पैडुल तक सड़क की वास्तविक स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग खंड) के अधिकारियों से पैच रिपेयर कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तलब की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई स्थानों पर मरम्मत कार्य अधूरे और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से गहरी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई,शिथिलता या अनियमितता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिशासी अभियंता राजबीर सिंह को शेष पैच रिपेयर कार्य को शीघ्र पूर्ण करने और उसकी गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास की जीवनरेखा होती हैं,इसलिए विभागीय अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण संवेदनशीलता और ईमानदारी से करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी मरम्मत कार्यों की फोटोग्राफिक रिपोर्ट तैयार कर जिला कार्यालय में प्रस्तुत की जाए,ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति का दस्तावेजी सत्यापन किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इससे पूर्व जिलाधिकारी को उपजिलाधिकारी द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया था कि पौड़ी से बुआखाल तक सड़क सुधार कार्य पूर्ण कर लिया गया है,परंतु आगे के हिस्से में कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। इस पर जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने का निर्णय लिया। स्थानीय नागरिकों ने भी जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण की सराहना की और कहा कि उनके हस्तक्षेप से विभागों की जवाबदेही बढ़ेगी तथा सड़कें वास्तव में गड्ढामुक्त बनेंगी। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अन्य विभागीय अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया जनहित से जुड़े कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं,सड़कें होंगी गड्ढामुक्त,सुगम और सुरक्षित।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...