
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल/देहरादून। देशभर के मीडिया जगत के लिए गौरव का क्षण बनने जा रहा है। भारती श्रमजीवी राष्ट्रीय पत्रकार संगठन का वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन आगामी 15 से 25 दिसंबर 2025 तक देहरादून में आयोजित होने जा रहा है,जिसमें देश के महामहिम उपराष्ट्रपति बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। ऐतिहासिक स्वरूप ले रहे इस सम्मेलन में देश-विदेश से दो हजार से अधिक ख्याति प्राप्त पत्रकारों के जुटने की संभावना जताई जा रही है। इसी तैयारी को लेकर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर गायत्री ने आज जनपद पौड़ी के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र गौड़ एवं पत्रकार गबर सिंह भण्डारी सहित अन्य पत्रकारों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा,उद्देश्य और राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकार संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर गहन चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष गायत्री ने कहा कि पत्रकार समाज के हर वर्ग की आवाज बनते हैं,लेकिन विडंबना यह है कि जब पत्रकारों पर अपराध,हमले या भेदभाव जैसे मामले सामने आते हैं,तब समाज की ओर से अपेक्षित समर्थन नहीं मिलता। यह एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इन ज्वलंत मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों के लिए एक संयुक्त राष्ट्रीय मंच की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी सम्मेलन में पत्रकार सुरक्षा,मीडिया की चुनौतियां,नैतिक पत्रकारिता,डिजिटल मीडिया की दिशा सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी तथा पत्रकारों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को महामहिम उपराष्ट्रपति के समक्ष विस्तार से रखा जाएगा। राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिला अध्यक्ष देवेन्द्र गौड़ ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि सभी पत्रकार संगठनात्मक मजबूती के लिए एकजुट हों। छोटे-बड़े बैनर,चैनल-अखबार की विभाजन रेखा अब समाप्त होनी चाहिए। हम सबका लक्ष्य एक सशक्त,सम्मानित और सुरक्षित पत्रकार समाज का निर्माण है। पत्रकार गबर सिंह भण्डारी ने भी संगठन की नीति और उद्देश्य का समर्थन करते हुए कहा कि पत्रकारिता की अस्मिता और गरिमा की रक्षा के लिए एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन को पूर्णतः सफल और प्रभावशाली बनाने का संकल्प व्यक्त किया। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने जा रहा यह सम्मेलन मीडिया जगत की दिशा और दशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला साबित होगा।