गबर सिंह भण्डारी हिमालय टाइम्स
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के लोकप्रिय जननेता एवं राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत को स्काउट्स एंड गाइड्स संगठन का सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान सिल्वर एलीफेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया। उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा प्रदत्त इस राष्ट्रीय सम्मान ने न केवल डॉ.रावत के दशकों के जनसेवा कार्य को नई पहचान दी है,बल्कि समूचे उत्तराखंड को गौरव की अनुभूति कराई है। सम्मान प्राप्त होने की खबर फैलते ही पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र से लेकर मंडल के विभिन्न स्थानों पर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी श्रीनगर मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मंडल कार्यालय में मिष्ठान वितरण कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ.रावत को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सर्वोच्च सम्मान उत्तराखंड की छवि को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ.रावत की दूरदर्शिता,संवेदनशील नेतृत्व और निरंतर जनसेवा की प्रेरणादायी यात्रा प्रदेश के विकास में नई ऊर्जा भरती रहेगी। जिला महामंत्री गणेश भट्ट एवं श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने कहा कि समाजसेवा,शिक्षा,स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में डॉ.रावत के अत्यधिक योगदान ने उन्हें इस गरिमामयी सम्मान का पात्र बनाया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सामूहिक भावना,संस्कृति और सेवा परंपरा का प्रतीक है। कार्यक्रम में भाजपा पौड़ी जिला महामंत्री गणेश भट्ट,श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,वरिष्ठ भाजपाई विपिन थपलियाल,प्रेम लाल पांडे,मंडल महामंत्री दिनेश पटवाल,शुभम प्रभाकर,आनंद भंडारी,प्रमोद उनियाल,आशीष उनियाल समेत कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य और जनसेवा की निरंतरता के लिए डॉ.रावत के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं।