
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। मानवता और सामाजिक सरोकार का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल द्वारा श्रीयंत्र यूथ क्लब एवं साइंस एंड आर्ट्स क्लब श्रीनगर के सहयोग से अदिति वेडिंग पॉइंट में एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस सेवा शिविर में कुल 65 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया,जिसे जनहित में बेस चिकित्सालय श्रीनगर के ब्लड बैंक में सुरक्षित रूप से जमा कराया गया। रक्तदान शिविर में युवाओं,सामाजिक कार्यकर्ताओं,रोटरी क्लब के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। आयोजन स्थल पर सुबह से ही रक्तदाताओं में विशेष उत्साह और सेवा भावना देखने को मिली,जिसने यह सिद्ध कर दिया कि समाज आज भी मानवीय मूल्यों और परोपकार की भावना से प्रेरित है। शिविर के मुख्य अतिथि प्रख्यात समाजसेवी गिरीश पैन्यूली ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इस अवसर पर बेस चिकित्सालय श्रीनगर के ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ.सतीश ने रक्तदान से जुड़े स्वास्थ्य लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है,हृदय स्वस्थ रहता है तथा आपातकालीन परिस्थितियों में यही रक्त किसी की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में डॉ.दीपा हटवाल,रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल के अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल,सचिव संजय रावत,कोषाध्यक्ष मनीष कोठियाल,पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन खिलेन्द्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन,चिकित्सकीय टीम के सदस्य एवं सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को सामाजिक चेतना और सामूहिक सहयोग का प्रेरणादायक उदाहरण बताया। शिविर के समापन पर रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं,चिकित्सकीय स्टाफ,सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे,ताकि समाज में सेवा,सहयोग और मानवता की भावना को और अधिक सशक्त किया जा सके।