
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 29 (अपर भक्तियाणा,मय शीतला माता) के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज सोमवार को साधर्म्यम कला निकेतन (क्रिश्चियन लाइब्रेरी) में प्रात-9.30 बजे से आधार सेवा कैंप का आयोजन किया गया। इस जनोपयोगी शिविर में आधार कार्ड से संबंधित नया पंजीकरण,संशोधन,अपडेट एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गई,जिससे क्षेत्रीय जनता को बड़ी राहत मिली। कैंप के पहले दिन बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 60 से 70 लोग शिविर में पहुंचे,जिनमें से करीब 50 नागरिकों के नए आधार कार्ड बनाए गए,जबकि शेष के आधार में नाम,पता,जन्मतिथि सहित अन्य आवश्यक सुधार व अपडेट किए गए। आधार संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान से नागरिकों में संतोष और उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर वार्ड पार्षद पूजा किमोठी ने कहा कि आमजन को सरकारी सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े,इसी उद्देश्य से वार्ड स्तर पर आधार कैंप का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि यह शिविर दो दिवसीय है। द्वितीय दिन मंगलवार को भी कैंप प्रात-9.30 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित रहेगा,ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें। कैंप का लाभ उठाने पहुंचे नागरिकों ने आधार संबंधी समस्याओं के समाधान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्षद पूजा किमोठी का आभार जताया। क्षेत्रीय जनता ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और शैक्षणिक जनहित कार्यों से आम नागरिकों को सीधे लाभ मिलता है और भविष्य में भी ऐसी पहल निरंतर जारी रहने की अपेक्षा की। नगर निगम श्रीनगर वार्ड 29 में आयोजित यह आधार कैंप जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ,जिसने स्थानीय स्तर पर सुशासन और नागरिक सुविधा को सशक्त किया। सौजन्य से डाकघर श्रीनगर रुपेश माल्याल,उपखंड निरीक्षक श्रीनगर जनपद पौड़ी गढ़वाल,संजय कुमार डाकपाल पोस्ट मास्टर श्रीनगर आदि लोगों ने सहयोग दिया।