
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नए उत्साह,स्पष्ट दृष्टि और जनसेवा के संकल्प के साथ 2021 बैच के पीसीएस अधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने उपजिलाधिकारी थलीसैंण का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील,पारदर्शी और जन-अनुकूल बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यभार ग्रहण के साथ ही कृष्णा त्रिपाठी को बीरोंखाल तहसील का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। दोनों ही तहसीलें भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण होने के साथ ग्रामीण आबादी प्रधान हैं,जहां प्रशासनिक समन्वय और सतत निगरानी की विशेष आवश्यकता रहती है। कृष्णा त्रिपाठी मूल रूप से मल्ला सालम,जैंती अल्मोड़ा के निवासी हैं। उनका जन्म एवं प्रारंभिक पालन-पोषण नैनीताल में हुआ। उन्होंने सेंट जोसेफ कॉलेज,नैनीताल से विद्यालयी शिक्षा प्राप्त की तथा दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि हासिल की है। प्रशासनिक अनुभव के तहत उन्होंने जनपद पौड़ी एवं रुद्रप्रयाग में जिला प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त केदारनाथ यात्रा-2025 के दौरान उन्होंने यात्रा मजिस्ट्रेट के रूप में महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया,जहां उनके कार्यों की सराहना की गई। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात तहसील एवं ब्लॉक कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयोजित तहसील दिवस में उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व,सड़क,पेयजल,शिक्षा,स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन,आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान तथा प्रशासन को अधिक संवेदनशील,जवाबदेह और जन-हितैषी बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता से कार्य करें।