
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड बार काउंसिल चुनाव 2026 को लेकर अधिवक्ता समुदाय में सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में आज दिनांक 8 जनवरी 2026 को वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड अर्जुन सिंह भंडारी द्वारा नैनीताल में बार काउंसिल सदस्य पद हेतु नामांकन किए जाने पर बार एसोसिएशन श्रीनगर ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें अपना सर्वसम्मत समर्थन प्रदान किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन श्रीनगर की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई,जिसमें अधिवक्ताओं के हितों,समस्याओं,कल्याणकारी योजनाओं तथा भविष्य की न्यायिक व्यवस्था में सशक्त प्रतिनिधित्व जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यह निर्णय लिया गया कि 17 फरवरी 2026 को होने वाले उत्तराखंड बार काउंसिल चुनाव में अर्जुन सिंह भंडारी को प्रथम वरीयता मत देकर भारी मतों से विजय दिलाई जाएगी। बैठक में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि अर्जुन सिंह भंडारी का संपूर्ण कार्यकाल निष्पक्ष,पारदर्शी एवं अधिवक्ता-हितैषी रहा है। उन्होंने अधिवक्ताओं की सुविधाओं के विस्तार,कल्याणकारी योजनाओं को सुदृढ़ करने,न्यायालय व्यवस्थाओं में सुधार तथा विशेष रूप से युवा अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन और संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। वरिष्ठ अधिवक्ताओं के विचार संरक्षक अनूप पांथरी ने कहा कि भंडारी का नेतृत्व अधिवक्ता समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहा है और उनका अनुभव बार काउंसिल को नई दिशा देगा। वार एसोसिएशन श्रीनगर के अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी ने कहा कि अर्जुन सिंह भंडारी केवल उम्मीदवार नहीं,बल्कि अधिवक्ता समाज की सशक्त आवाज हैं। उनकी जीत सभी अधिवक्ताओं की जीत होगी। पूर्व अध्यक्ष कृष्णानंद मैठाणी व पूर्व अध्यक्ष दीपक भंडारी ने उनके अनुभव,स्वच्छ छवि और दूरदर्शी सोच को अधिवक्ता समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। वरिष्ठ अधिवक्ता भूपेंद्र पुंडीर ने कहा कि भंडारी की सरल कार्यशैली और संगठन क्षमता उन्हें इस पद के लिए आदर्श बनाती है। कोषाध्यक्ष सुबोध भट्ट ने कहा कि उनका अनुभव और दूरदर्शिता बार काउंसिल को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। बलवीर सिंह रौतेला व सुरेंद्र सिंह रौथाण ने कहा कि एडवोकेट भंडारी ने सदैव दूरस्थ क्षेत्रों और छोटे बार एसोसिएशनों की आवाज को प्राथमिकता दी है। अधिवक्ता एकता का संदेश बैठक के अंत में बार एसोसिएशन श्रीनगर ने प्रदेश के समस्त अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिवक्ता एकता,अधिकारों की रक्षा और न्यायिक सुधारों को मजबूती देने हेतु अर्जुन सिंह भंडारी को भारी मतों से विजयी बनाएं। बैठक में अध्यक्ष,पदाधिकारियों,वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही,जिससे यह स्पष्ट हुआ कि आगामी उत्तराखंड बार काउंसिल चुनाव में अर्जुन सिंह भंडारी को लेकर अधिवक्ता समाज में व्यापक समर्थन और विश्वास मौजूद है।