
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक द्वारा आयोजित उत्तर क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अहम मुकाबले में गढ़वाल विश्वविद्यालय की टीम ने इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय,रेवाड़ी को एकतरफा अंदाज में 9 विकेटों से पराजित कर क्वार्टरफाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया। मैच में गढ़वाल विश्वविद्यालय की टीम की कप्तानी साक्षी जोशी ने की,जिन्होंने एक हरफनमौला खिलाड़ी के रूप में टीम को संतुलन और आत्मविश्वास प्रदान किया। गेंदबाजी विभाग में वंशिका भण्डारी एवं आंचल नेगी ने तेज़ गेंदबाज के रूप में शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा,वहीं तिशानी ने स्पिन गेंदबाज के रूप में सटीक गेंदबाजी कर महत्वपूर्ण योगदान दिया। गढ़वाल विश्वविद्यालय की गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण के सामने इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए गढ़वाल विश्वविद्यालय की सलामी बल्लेबाज आराधना चौहान एवं तनिषा ने आत्मविश्वास से भरपूर बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई और बिना किसी दबाव के लक्ष्य को महज़ एक विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस शानदार जीत के साथ अब गढ़वाल विश्वविद्यालय की महिला क्रिकेट टीम का सामना कुमाऊं विश्वविद्यालय से क्वार्टरफाइनल मुकाबले में होगा। यह मुकाबला अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है,क्योंकि इसमें विजयी रहने वाली टीम को अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने का अवसर प्राप्त होगा। टीम के इस उल्लेखनीय प्रदर्शन से विश्वविद्यालय परिसर सहित पूरे गढ़वाल क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों एवं विश्वविद्यालय प्रशासन ने महिला खिलाड़ियों के अनुशासन,समर्पण और उत्कृष्ट खेल भावना की सराहना करते हुए आगामी मुकाबले के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। गढ़वाल विश्वविद्यालय की महिला क्रिकेट टीम ने यह सिद्ध कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद संकल्प,मेहनत और टीम भावना के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाई जा सकती है। अब सभी की निगाहें कल होने वाले क्वार्टरफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं,जहां खिलाड़ी पूरे जोश और जुनून के साथ मैदान में उतरकर इतिहास रचने के इरादे से खेलेंगी।