
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में अपराधों की रोकथाम तथा जनसामान्य को कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार के निर्देशन में श्रीनगर पुलिस टीम द्वारा पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर के दौरान छात्राओं को महत्वपूर्ण सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित कानून,नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव,यातायात नियमों के पालन की अनिवार्यता,गुड टच-बैड टच की पहचान तथा वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि सजगता और सही जानकारी ही स्वयं को सुरक्षित रखने का सबसे सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में यह विशेष रूप से बताया गया कि किसी भी प्रकार की अनजान कॉल,संदिग्ध संदेश,फर्जी लिंक या ऑनलाइन धोखाधड़ी से सावधान रहें और बिना जांच-पड़ताल किसी पर भरोसा न करें। ऐसी किसी भी परिस्थिति में तत्काल साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930,पुलिस आपातकालीन सेवा 112 अथवा उत्तराखंड पुलिस मोबाइल एप के माध्यम से पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। पुलिस टीम ने छात्राओं को यह भी प्रेरित किया कि वे अपने आसपास के समाज में भी जागरूकता फैलाएं,ताकि महिला सुरक्षा,साइबर सुरक्षा और कानून के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रश्न भी पूछे,जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया गया। इस जन-जागरूकता अभियान में श्रीनगर महिला उप निरीक्षक भावना भट्ट की सक्रिय भूमिका रही,जिन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ सजग और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया।