
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। संस्कार,विज्ञान और आधुनिक तकनीक के समन्वय से सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री शिक्षा एवं स्वास्थ्य डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य ऐसी पीढ़ी तैयार करना है,जिसके एक हाथ में गीता और दूसरे हाथ में कंप्यूटर हो। इसी दृष्टि को साकार करते हुए उन्होंने शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज,श्रीनगर में कैरियर लैब,साइंस लैब एवं पुस्तकालय का भव्य लोकार्पण किया,जिन पर लगभग 54 लाख रुपए की लागत आई है। इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर सहित नगर निगम क्षेत्र के नंदन नगर,डांग,भक्तियाना,रेवड़ी एवं श्रीकोट स्थित प्राथमिक विद्यालयों के लगभग 180 विद्यार्थियों को गणवेश भी वितरित किए गए,जिससे शिक्षा को समानता, सम्मान और अवसर से जोड़ने का सशक्त संदेश दिया गया। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार और तकनीकी दक्षता आज की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि अब तक उनके प्रयासों से 1000 बच्चों को भारत भ्रमण पर भेजा जा चुका है,जिससे बच्चों में राष्ट्रबोध और सांस्कृतिक समझ विकसित हो रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गंगा म्यूजियम का लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा,जो श्रीनगर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में अब तक लगभग 200 करोड़ रुपए की विकास योजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं। इनमें 72 करोड़ रुपए की लागत से 24 घंटे पेयजल आपूर्ति योजना भी शामिल है,जिससे नगरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1800 बच्चों को सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों के माध्यम से निःशुल्क आवास,भोजन एवं शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों में 10 करोड़ रुपए की लागत से अक्षय पात्र योजना लागू की जाएगी,जिससे बच्चों को गर्म और पौष्टिक भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत आदिति पैलेस में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई,जिसमें जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने संगठन को और अधिक सशक्त करने पर बल दिया। इस अवसर पर जिला महामंत्री गणेश भट्ट,मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,नगर आयुक्त नूपुर वर्मा,भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रमिला भंडारी,ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष जगमोहन नेगी,खिर्सू ब्लाक प्रमुख अनिल भंडारी,गिरीश पैन्यूली,दिनेश पटवाल,शुभम प्रभाकर,दिनेश असवाल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।