हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पाबो क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चौकी पाबो प्रभारी उप निरीक्षक मुकेश गैरोला मय फोर्स द्वारा एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार करते हुए उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उच्चाधिकारियों द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में चौकी पाबो पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली,जिसमें उसके कब्जे से 15 बोतल रॉयल स्टैग एवं 52 पव्वे सोलमेट ब्लैक व्हिस्की बरामद की गई। बरामदगी के पश्चात आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस द्वारा अवैध शराब को कब्जे में लेते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सतत रूप से सक्रिय है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला प्रभारी चौकी पाबो कोतवाली पौड़ी,हेड कांस्टेबल 107 सीपी सुनील हिंदवाल चौकी पाबो। कोतवाली पौड़ी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।