हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल।हिंदू समाज को संगठित,समन्वित और सर्वस्पर्शी स्वरूप प्रदान करने की दिशा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ श्रीनगर द्वारा नगर की योजना समन्वयक बैठक का आयोजन आदिती पैलेस श्रीनगर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बैठक में नगर के सभी सक्रिय स्वयंसेवकों के साथ-साथ हिंदू समाज के प्रबुद्ध एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बैठक में संघ के विभाग प्रचारक राहुल ने आगामी सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि समाज में आयोजित होने वाले सम्मेलनों की संरचना,तिथि निर्धारण तथा प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना संघ की प्राथमिकता है,ताकि हिंदू समाज की सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी भूमिका को और अधिक सशक्त किया जा सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक घटक को साथ लेकर चलना ही संगठन की मूल शक्ति है। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि डांग,श्रीनगर,श्रीकोट एवं चौरास क्षेत्र में अलग-अलग हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। ये सम्मेलन आगामी 8 फरवरी से 23 फरवरी के मध्य चरणबद्ध रूप से संपन्न होंगे। सम्मेलनों के माध्यम से सामाजिक समरसता,सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्र निर्माण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर विभाग प्रचारक राहुल,नगर संघचालक किशोर सजवाण,सह नगर संघचालक बलदेव बिष्ट,नगर कार्यवाह मनोज उनियाल,नगर प्रचारक मोहित,विभाग शारीरिक प्रमुख भीमराज,विभाग संपर्क प्रमुख विनय किमोठी,बौद्धिक प्रमुख डॉ.आशीष,प्रो.डी.एस नेगी,भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,महिपाल बिष्ट अध्यक्ष गढ़वाल विश्वविद्यालय,लखपत सिंह भंडारी,अमन पंत सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के समापन पर वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावित सम्मेलन हिंदू समाज को वैचारिक,सांस्कृतिक और संगठनात्मक रूप से और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा समाज में सकारात्मक चेतना का विस्तार होगा।