बैसाखी पर सेवा का का संकल्प, अंबेडकर जयंती पर स्वच्छता का संदेश-अलकनदा तट से उठी जागरुकता की मिसाल

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भंडारी श्रीनगर गढ़वाल। बैसाखी पर्व और डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर श्रीनगर में सामाजिक सरोकारों की एक प्रेरक मिसाल देखने को मिली। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था भागीरथी

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भंडारी

श्रीनगर गढ़वाल। बैसाखी पर्व और डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर श्रीनगर में सामाजिक सरोकारों की एक प्रेरक मिसाल देखने को मिली। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था भागीरथी कला संगम के तत्वावधान में अलकनंदा तट पर भव्य स्वच्छता अभियान चलाकर न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया,बल्कि सामाजिक चेतना को भी नई दिशा प्रदान की गई। प्रातः 6 बजे प्रारंभ हुए इस अभियान में संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अलकनंदा नदी किनारे स्थित अंबेडकर पार्क क्षेत्र में व्यापक सफाई की। झाड़ू,कचरा संग्रहण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता के माध्यम से सदस्यों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं,बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत दायित्व है। स्वच्छता अभियान के उपरांत सभी सदस्यों ने अंबेडकर पार्क में स्थापित डॉ.भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संविधान निर्माता के योगदान,उनके विचारों और सामाजिक समता के लिए किए गए ऐतिहासिक संघर्ष को स्मरण किया गया। संस्था अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल ने सभी को बैसाखी पर्व और अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई वितरण किया तथा कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व को याद करना तभी सार्थक है जब हम उनके बताए मार्ग पर चलें और समाज में समानता,शिक्षा व जागरूकता का प्रसार करें। संस्था के वरिष्ठ संरक्षक रमेश चंद्र ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ.अंबेडकर के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने समाज के वंचित वर्गों,अल्पसंख्यकों और विशेष रूप से महिलाओं को जो अधिकार दिलाए,वही आज सामाजिक प्रगति की मजबूत नींव हैं। हमें उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेना होगा। संरक्षक दीनबंधु चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान सभा के प्रमुख स्तंभ के रूप में डॉ.अंबेडकर ने आधुनिक भारत की नींव रखी। उनकी दूरदर्शी सोच, उच्च शिक्षा और सामाजिक दृष्टिकोण उन्हें युगपुरुष बनाते हैं। वे न केवल भारत बल्कि पूरे एशिया के सबसे विद्वान व्यक्तित्वों में गिने जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान संस्था के वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र रावत,अवधेश मणि,भगत सिंह बिष्ट एवं हरी प्रसाद उनियाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ.अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम का कुशल संचालन संस्था निर्देशक मदन गड़ोई द्वारा किया गया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष हरेंद्र तोमर,उप सचिव रवि पुरी,सांस्कृतिक सचिव संजय कोठारी,शशि बिष्ट,ममता,सोनिका,रजत सहित अनेक सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वच्छता,समानता और जागरूकता का संगम बना यह आयोजन,समाज को एक सकारात्मक दिशा देने का सशक्त प्रयास साबित हुआ।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...