
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। पर्वतीय अंचल की प्रतिभाएं एक बार फिर अपनी चमक से पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर रही हैं। श्रीनगर की मेधावी छात्रा आराध्या सती ने केंद्रीय विद्यालय श्रीनगर की वार्षिक परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक अर्जित कर न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया है,बल्कि पूरे मंडल और परिवार का नाम भी रोशन कर दिया है। श्रीनगर मंडल मीडिया संयोजक प्रकाश सती की पुत्री हैं,आराध्या ने अपनी इस शानदार सफलता से यह सिद्ध कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर हो,तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। परिवार में खुशी का ठिकाना नहीं है। माता रेखा सती सहित सभी परिजनों ने इस उपलब्धि को आराध्या की लगन,अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया। परिजनों का कहना है कि आराध्या शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही हैं और उन्होंने कठिन परिश्रम को अपना मूल मंत्र बनाया। इस उपलब्धि पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आराध्या को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आराध्या की सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है,बल्कि यह पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने भी आराध्या की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता उनके अनुशासित जीवन,निरंतर अभ्यास और सीखने की जिज्ञासा का परिणाम है। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि आराध्या भविष्य में भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएंगी। आराध्या सती की यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि सच्ची लगन,समर्पण और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। श्रीनगर की इस होनहार बेटी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पहाड़ की प्रतिभा किसी से कम नहीं होती।