
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित,सुव्यवस्थित और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी.अंशुमान ने मंगलवार को श्रीनगर गढ़वाल में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर यात्रा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में चारधाम यात्रा के दौरान संभावित भारी श्रद्धालु संख्या,बढ़ते यातायात दबाव,दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट,संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था,पार्किंग प्रबंधन,रूट डायवर्जन प्लान तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। एडीजी प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा यातायात व्यवस्था को चरणबद्ध और सुचारु ढंग से संचालित किया जाए,ताकि किसी भी स्थिति में जाम अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने प्रमुख स्थलों पर बैरिकेडिंग,दिशा-सूचक साइन बोर्ड,सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और कंट्रोल रूम की सक्रियता को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान मेडिकल सहायता,आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू टीमों के साथ बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है,ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही मौसम की स्थिति,मार्गों की दशा और श्रद्धालुओं की संख्या की रियल टाइम मॉनिटरिंग करने तथा समय-समय पर यात्रियों को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। एडीजी अंशुमान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस कर्मियों को नियमित रूप से ब्रीफ किया जाए और उन्हें श्रद्धालुओं के साथ मधुर,सहृदय एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया जाए,जिससे उत्तराखंड की अतिथि देवो भवः की परंपरा को मजबूती मिले। उन्होंने विशेष रूप से श्रीनगर को चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव बताते हुए कहा कि यहां सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं,ताकि यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार,क्षेत्राधिकारी पौड़ी तुषार बोरा,प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर कुलदीप नेगी,प्रभारी महिला थाना प्रियंका भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित,सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करना है,जिससे चारधाम यात्रा-2026 का संचालन सफल और सकुशल रूप से संपन्न हो सके।