हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। समाज में अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इस महान मानवीय कार्य से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल एवं अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को अंगदान एवं देहदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा विशेषज्ञों ने अंगदान की आवश्यकता,इसकी प्रक्रिया,उपयोगिता तथा देहदान के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान में महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम से प्रभावित होकर कई लोगों ने अंगदान एवं देहदान के लिए अपनी सहमति व्यक्त कर समाज के सामने मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। कार्यक्रम में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं शोध संस्थान श्रीनगर के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ.सतीश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं एनाटॉमी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ.अनिल कुमार द्विवेदी तथा एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.नियति ऐरन ने मुख्य वक्ता के रूप में अंगदान एवं देहदान के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। विशेषज्ञों ने कहा कि अंगदान किसी व्यक्ति के जीवन समाप्त होने के बाद भी कई जरूरतमंद लोगों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा सकता है। किसी व्यक्ति द्वारा दान किए गए उपयोगी अंग गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए जीवन का आधार बन सकते हैं। इसी प्रकार देहदान चिकित्सा विद्यार्थियों के अध्ययन,प्रशिक्षण तथा चिकित्सा अनुसंधान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वक्ताओं ने कहा कि अंगदान एवं देहदान को लेकर समाज में अनेक प्रकार की भ्रांतियां और संकोच मौजूद हैं,जिन्हें वैज्ञानिक जानकारी एवं जागरूकता के माध्यम से दूर करने की आवश्यकता है। वक्ताओं ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे स्वयं अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूक हों और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके महत्व के बारे में जानकारी दें। उन्होंने कहा कि यह केवल दान नहीं,बल्कि मानवता के प्रति जीवन का एक ऐसा संकल्प है,जिसके माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन के बाद भी समाज के लिए उपयोगी योगदान दे सकता है। कार्यक्रम के दौरान जागरूकता से प्रभावित होकर रोटेरियन नरेश नौटियाल,अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन के भगवती प्रसाद पुरी, रोटेरियन प्रवीण थपलियाल एवं उनकी धर्मपत्नी वंदना थपलियाल सहित कई लोगों ने अंगदान एवं देहदान के लिए अपनी सहमति व्यक्त की। इस पहल को कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मानवता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सराहा। इस अवसर पर रोटरी क्लब श्रीनगर के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल ढौंढियाल,सचिव रोटेरियन डॉ.हरीश भट्ट,कोषाध्यक्ष रोटेरियन डॉ.राजेंद्र भंडारी,रीजनल कोऑर्डिनेटर रोटेरियन बृजेश भट्ट,पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन हिमांशु अग्रवाल,क्लब काउंसलर रोटेरियन अनूप घिल्डियाल,पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन दिनेश प्रसाद जोशी,रोटेरियन सत्य प्रसाद घिल्डियाल,रोटेरियन ओमप्रकाश गोदियाल,पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन मोहम्मद आसिफ,कार्यक्रम समन्वयक रोटेरियन मनोज त्रिवेदी,रोटेरियन डॉ.अनिल सेमवाल,रोटेरियन प्रवीण थपलियाल,रोटेरियन उषा चौधरी एवं वंदना थपलियाल सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन की ओर से अध्यक्ष मोहन सिंह कुंवर,उपाध्यक्ष जगदंबा प्रसाद काला,सचिव दीनबंधु सिंह चौहान,सह सचिव हरि प्रसाद उनियाल एवं कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत सहित संगठन के अन्य सदस्य कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि अंगदान एवं देहदान को लेकर समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने की आवश्यकता है। जागरूकता के अभाव में कई लोग इस महान कार्य के महत्व को समझ नहीं पाते,जबकि सही जानकारी मिलने पर अनेक लोग मानवता की सेवा के लिए आगे आ सकते हैं। रोटरी क्लब श्रीनगर एवं अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन की यह संयुक्त पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास रही। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि अंगदान किसी जरूरतमंद को जीवन का उपहार दे सकता है और देहदान आने वाली पीढ़ियों के चिकित्सकों को चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान का आधार प्रदान कर सकता है। आयोजकों ने आमजन से अपील की कि वे अंगदान एवं देहदान के विषय में वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त करें,भ्रांतियों से बचें और अपनी इच्छा के अनुरूप इस मानवीय पहल से जुड़ने के लिए आगे आएं।